Chandrayaan-3: पश्चिम बंगाल के एक TMC विधायक ने ISRO के इस मिशन पर उंगली उठाते हुए इसे प्रधानमंत्री मोदी का स्टंट बताया है।
चांद के दक्षिणी ध्रुव पर जैसे ही भारत का चंद्रयान-3 लैंड हुआ वैसे ही देश जश्न डूब गया। राष्ट्रपति से लेकर देश के आम आदमी ने ISRO के वैज्ञानिकों को बधाईयां दी। लेकिन देश की इस उपलब्धि पर अब राजनीति शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल के एक TMC विधायक ने ISRO के इस मिशन पर उंगली उठाते हुए इसे प्रधानमंत्री मोदी का स्टंट बताया है।
उन्होंने कहा कि जिस देश में गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। वहां ऐसे प्रोजेक्ट करने से किसका भला होने वाला है? उनके बयान के बाद भाजपा जहां TMC पर हमलावर है। वहीं, पार्टी ने भी विधायक के बयान से पल्ला झाड़ लिया है।
चंद्रयान-3 महज दिखावा- TMC विधायक
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद जब पत्रकारों ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के विधायक इदरीस अली से इसे लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि मैं इसके खिलाफ नहीं हूं। लेकिन, मेरा सवाल यह है कि क्या मिशन के पीछे खर्च की गई इतनी बड़ी रकम गरीब लोगों के विकास के लिए खर्च की जा सकती थी?
ऐसे समय में जब गरीब और गरीब होते जा रहे हैं और देश में सांप्रदायिकता फैल रही है, ऐसा मिशन महज एक दिखावा है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये मिशन PM मोदी का स्टंट है। ऐसे प्रोजेक्ट करने से किसका भला नहीं होने वाला है।
कुएं में रहने वाला मेंढक उसी को समुद्र मान लेता है- BJP
ममता बनर्जी के विधायक के इस बयान के बाद भाजपा उन पर हमलावर हो गई। अली पर तंज कसते हुए बीजेपी विधायक शंकर घोष ने कहा कि ऐसे बयान तब सामने आते हैं जब कुएं में रहने वाला मेंढक उसी को समुद्र मान लेता है। शंकर घोष ने कहा कि दुनिया अज्ञात को जानना चाहती है और चंद्रयान-3 मिशन उस दिशा में एक सफल कदम है। उन्होंने कहा, ‘अब यदि कोई कुएं की तुलना समुद्र से करता है तो यह उसकी अज्ञानता है। ऐसा लगता है कि इदरीस अली के बयान से खुद उनकी पार्टी के भी ज्यादातर लोग सहमत नहीं होंगे।
चंद्रयान 3 मिशन की सफलता राजनीति से परे- TMC
वहीं, तृणमूल विधायक मदन मित्रा ने कहा कि चंद्रयान 3 मिशन की सफलता किसी भी तरह की राजनीति से परे है। उन्होंने कहा, ‘हमारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले ही कह चुकी हैं कि इस सफलता का श्रेय किसी राजनीतिक दल को नहीं, बल्कि वैज्ञानिकों को जाता है, जिसमें दो बंगाली वैज्ञानिक भी शामिल हैं। ये भारत का गौरव है। बता दें ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में दो दिन पहले इमामों और पंडितों को मिलने वाले भत्तों में बढ़ोत्तरी किया था।
ये भी पढ़ें: BRICS में शामिल हुए ये 6 नए देश, PM मोदी ने किया समर्थन