
बेंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार शाम बड़ा विमान हादसा टल गया। मंगलुरु से बेंगलुरु जा रहा एक विमान उड़ान भरने से ठीक पहले रोक दिया गया। विमान में 229 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य सवार थे। सभी को सुरक्षित विमान से उतारकर पार्किंग बे में पहुंचाया गया। इस बीच विमान के पंख से चिंगारी निकलने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, घटना 16 नवंबर की शाम करीब 6:05 बजे हुई। विमान ने रनवे से उड़ान नहीं भरी थी, तभी तकनीकी कारणों से टेकऑफ रोक दिया गया। इसके बाद विमान को वापस पार्किंग बे में लाया गया, जहां एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की।
तकनीकी जांच के बाद विमान को 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (AOG) घोषित कर दिया गया। इसका मतलब है कि तकनीकी समस्या दूर होने तक विमान उड़ान के लिए उपयुक्त नहीं है। इसके बाद सभी 229 यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। एयरपोर्ट और एयरलाइन के कर्मचारियों ने यात्रियों की मदद की और उनकी समस्याओं का समाधान किया।
फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन ने बेंगलुरु से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। यह राहत उड़ान 17 नवंबर की रात 12:10 बजे मंगलुरु एयरपोर्ट से रवाना हुई। हालांकि, मूल विमान में सवार 229 यात्रियों में से केवल 34 यात्रियों ने ही इस वैकल्पिक उड़ान से सफर किया।
विमान के टेकऑफ रद्द होने के बाद रनवे पर आगे बढ़ने को लेकर एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी सफाई दी है। अधिकारियों के अनुसार, विमान ने रनवे से उड़ान नहीं भरी थी। ब्रेक लगाने के बाद भी विमान का कुछ दूरी तक आगे बढ़ना उसकी गति और ब्रेकिंग प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा है।
अधिकारियों ने बताया कि आमतौर पर विमान रनवे के अंतिम छोर तक पहुंचने से काफी पहले ही हवा में उड़ान भर लेते हैं। मंगलुरु एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 2,330 मीटर है। इस मामले में टेकऑफ रद्द होने के बाद विमान का आगे बढ़ना इस बात का संकेत नहीं है कि उसने उड़ान भर ली थी या पूरे रनवे का इस्तेमाल कर लिया था।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी खराबी वाले विमान में एक न्यायाधीश, एक विधायक के परिजन और भाजपा के एक प्रमुख नेता भी सवार थे। हालांकि, अधिकारियों ने इनके नामों का खुलासा नहीं किया।
गौरतलब है कि सोमवार को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी एक विमान को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा था। इंडिगो की फ्लाइट 6E 6526 को तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक दिया था। यह विमान बेंगलुरु से मदुरै जाने वाला था।
उड़ान भरने की अनुमति मिलने के बाद विमान रनवे पर रफ्तार पकड़ रहा था, तभी चालक दल को तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद पायलट ने तत्काल ब्रेक लगाए। विमान रुकते ही केबिन क्रू ने यात्रियों को सिर नीचे रखने के निर्देश दिए। करीब 30 मिनट तक विमान रनवे पर रहा, जिसके बाद यात्रियों को उतारकर टर्मिनल ले जाया गया। बाद में विमान ने सुबह 9:20 बजे मदुरै के लिए उड़ान भरी।
इससे पहले 6 सितंबर को 270 यात्रियों को लेकर लंदन जा रही वर्जिन अटलांटिक की फ्लाइट को भी टेकऑफ के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी के चलते बेंगलुरु एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी।