राहुल गांधी की 48 सवालों वाली अर्जी पर SC में साल्वे की गंभीर आपत्ति, CJI बोले- जवाब दाखिल कीजिए
Supreme Court: राहुल गांधी समेत 11 विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग से SIR और मतदाता सूची से नाम हटाने के मामले में 48 सवालों के जवाब मांगने की अनुमति सुप्रीम कोर्ट से मांगी है। निर्वाचन आयोग की आपत्तियों के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को तय की है।
सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित तौर पर वोटरों के नाम हटाए जाने के मामले में सुनवाई हुई। इस मामले में सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने की, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं।
कोर्ट ने चुनाव आयोग को कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत 11 विपक्षी नेताओं की याचिका पर अपना जवाब दाखिल करने की अनुमति दे दी। अब 9 दिसंबर को मामले की अगली सुनवाई होगी।
बता दें कि राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट से चुनाव आयोग को 48 सवाल भेजने की अनुमति मांगी थी। याचिकाकर्ताओं की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू तथा डॉ. विवेक जोशी से शपथपत्र के जरिए इन सवालों के जवाब लिए जाएं।
चुनाव आयोग ने किया विरोध, साल्वे बोले- गंभीर आपत्ति है
चुनाव आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे पेश हुए। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अर्जी पर गंभीर आपत्ति जताई। साल्वे ने पीठ से कहा कि आयोग को इस आवेदन पर कई महत्वपूर्ण आपत्तियां हैं और इससे गंभीर पूर्वाग्रह पैदा हो रहा है।
इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि आप अपना जवाब दाखिल कीजिए। उसमें अपनी आपत्तियां भी उठा सकते हैं।
CJI ने आगे कहा कि अदालत पहले इंटररोगेटरीज यानी लिखित सवालों के मुद्दे की जांच करेगी और उसके बाद इस पर फैसला लेगी। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा।
ECI के हलफनामों पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल
राहुल गांधी और अन्य याचिकाकर्ताओं का कहना है कि चुनाव आयोग ने SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने जवाबी हलफनामों में केवल दावे किए हैं, जबकि उन दावों की पुष्टि करने वाले महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज, फाइलें और रिकॉर्ड पेश नहीं किए हैं।
याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, विवाद का प्रमुख मुद्दा यह है कि क्या मुख्य चुनाव आयुक्त ने निर्वाचन आयोग की सामूहिक शक्तियों का इस्तेमाल अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की जानकारी, सहमति या मंजूरी के बिना किया।
48 सवालों में क्या-क्या जानना चाहते हैं याचिकाकर्ता?
राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट के नियमों के तहत 10 श्रेणियों में 48 सवाल पूछने की अनुमति मांगी है। इन सवालों का उद्देश्य SIR से जुड़े फैसलों, मतदाता सूची के आंकड़ों और तकनीकी व्यवस्था की जवाबदेही तय करना है।