
Manipur Farmer Attack: मणिपुर के सेनापति जिले में गुरुवार को धान के खेत में काम कर रहे किसानों पर अज्ञात हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में एक 40 साल की महिला किसान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य किसान घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना करीब सुबह 11 बजे ताफौ कूकी गांव में हुई। मृतका की पहचान ताफौ गांव की रहने वाली किमनेइनेंग चोंगलोई के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी में दो अन्य किसान भी घायल हुए हैं। उनकी पहचान सेहंगाम चोंगलोई उर्फ डेविड और लामखोचोन चोंगलोई के रूप में हुई है। दोनों ताफौ कूकी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, गोलीबारी में घायल और मृतक सभी कूकी समुदाय से हैं। अधिकारी ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले में कौन लोग शामिल थे और उनका मकसद क्या था। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कांगपोकपी जिले के मिशन अस्पताल ले जाया गया। बाद में दोनों को बेहतर इलाज के लिए इंफाल रेफर किया गया। पुलिस ने सेनापति थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब मणिपुर में कूकी और नागा समुदायों के बीच तनाव को लेकर भी चिंता बनी हुई है। 28 अक्टूबर को कूकी समुदाय के दो युवकों के कथित तौर पर अपहरण की घटना सामने आई थी। 1 नवंबर को दोनों के शव बरामद किए गए थे। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद ने 9 नवंबर को मृतकों के परिवारों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपे जाने की जानकारी दी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया था।
मणिपुर में मई 2023 में शुरू हुई मैतेई और कूकी समुदायों के बीच हिंसा ने राज्य के सामाजिक और सुरक्षा हालात को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। हिंसा में अब तक कम से कम 260 लोगों की मौत और करीब 60 हजार लोगों के विस्थापित होने की बात सामने आई है। मैतेई समुदाय मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहता है, जबकि कूकी-जो समुदाय की आबादी मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों में है। दोनों समुदायों के बीच लंबे समय से जारी तनाव के कारण कई इलाकों में आवाजाही और सामाजिक संपर्क प्रभावित हुआ है।
हाल के महीनों में नागा-कूकी तनाव ने भी स्थिति को और जटिल बनाया है। 13 मई को हुए दो अलग-अलग घात लगाकर किए गए हमलों में चार लोगों की मौत के बाद कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन, बंद और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवरोध की स्थिति पैदा हुई थी। फरवरी में राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के करीब एक साल बाद राज्य में नई सरकार का गठन हुआ था। सरकार में राज्य के तीन प्रमुख समुदायों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि जातीय संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा सके। वहीं, सरकार का कहना है कि राज्य में समुदायों के बीच कोई आधिकारिक ‘बफर जोन’ नहीं है, हालांकि कुछ इलाकों को संवेदनशील जरूर चिन्हित किया गया है।