राष्ट्रीय

मणिपुर में उग्रवादियों का कहर: दो कारों पर अंधाधुंध फायरिंग, 2 महिलाओं समेत 4 की मौत

मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार दोपहर संदिग्ध उग्रवादियों ने दो कारों पर घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात इम्फाल-दीमापुर नेशनल हाईवे-2 पर हुई।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 4:15 PM IST
fire at cars in Manipur Ukhrul
मणिपुर में उग्रवादियों का कहर (Photo source: Manipur Police)

इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। राज्य के उखरुल जिले में शुक्रवार दोपहर संदिग्ध उग्रवादियों ने दो कारों पर घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात इम्फाल-दीमापुर नेशनल हाईवे-2 पर हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक नागा समुदाय के बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना उखरुल जिले के लितान पुलिस थाना क्षेत्र के न्यू हेवन इलाके में हुई। हथियारबंद हमलावरों ने दोनों कारों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। गोली लगने से दोनों वाहनों में सवार दो पुरुषों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद दोनों कारों की विंडशील्ड पर गोलियों के निशान दिखाई दिए।

सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। लितान पुलिस थाने की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

कांगपोकपी में 48 घंटे का बंद, बाजार और दुकानें रहीं बंद

इधर, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में भी शुक्रवार को बंद का असर देखने को मिला। एक आदिवासी संगठन ने गुरुवार को दो विरोधी समूहों के बीच हुई गोलीबारी में एक कुकी महिला की मौत के विरोध में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है। इसके चलते दुकानें, बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। यात्री बसों और ऑटो रिक्शा समेत ज्यादातर वाहन सड़कों से नदारद रहे, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई।

कांगपोकपी स्थित कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (COTU) ने 12 नवंबर की आधी रात से 48 घंटे के बंद का ऐलान किया था। हालांकि, शिक्षण संस्थानों, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को बंद से छूट दी गई है।

कुकी महिला की हत्या के बाद भड़का विरोध

गुरुवार को कांगपोकपी जिले के ताफोऊ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के आसपास दो विरोधी हथियारबंद समूहों के बीच गोलीबारी हुई थी। इस घटना में 42 वर्षीय कुकी महिला किमनेइनेंग चोंगलाई की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

फरवरी से अब तक 50 से ज्यादा लोगों की मौत

मणिपुर के पहाड़ी जिलों में कुकी और नागा समुदायों के बीच फरवरी से जारी संघर्ष में अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को उखरुल में हुई गोलीबारी ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जातीय तनाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ताजा हमले की जांच में जुटी हैं।

Updated on:
13 Nov 2026, 4:15 PM IST
Published on: