13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

इंदिरा गांधी से मुलाकात से पहले इतना डर गई थीं सोनिया, बीच रास्ते से ही वापस लौट गईं!

Sonia Gandhi First Meeting: सोनिया गांधी और राजीव गांधी की लव मैरिज आसान नहीं थी। इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात से पहले सोनिया इतनी घबरा गई थीं कि बीच रास्ते से ही लौट गईं। जानिए इस मुलाकात और रिश्ते से जुड़ा दिलचस्प किस्सा।
5 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Abhishek Mehrotra

•

Updated: 13 Nov 2026, 4:14 PM IST

Sonia Gandhi Indira Gandhi

इंदिरा से मिलने से डर गई थीं सोनिया, बीच रास्ते से ही लौट गईं थीं वापस: फोटो सोर्स- ANI

Sonia Gandhi Rajiv Gandhi Love Story: लव मैरिज में सबसे मुश्किल काम होता है, पैरेंट्स को कन्वेंस करना। सोनिया और राजीव गांधी को भी इस मुश्किल का सामना करना पड़ा। दोनों के केवल धर्म अलग नहीं थे, बल्कि संस्कृति-सभ्यता सबकुछ एकदम विपरीत था। इटली मूल की लड़की को अपनी बहू के रूप में स्वीकारना इंदिरा गांधी के लिए जितना कल्चरल शॉक था, उतना ही मुश्किल सोनिया के पैरेंट्स के लिए था अपनी बेटी को बिल्कुल नई दुनिया में भेजना।

सोनिया, राजीव के साथ अपने रिश्ते के बारे में पैरेंट्स को बताने में झिझक रही थीं, डर था कि कहीं वे इनकार न कर दें। राजीव भी इसी डर का अनुभव कर रहे थे, लेकिन उन्होंने पहल की। राजीव ने इंदिरा गांधी को पत्र लिखकर बताया कि वह एक ऐसी लड़की से मिले हैं, जो उन्हें बहुत खास लगी। इसके ठीक एक महीने बाद उन्होंने दूसरे पत्र में सबकुछ बयां कर दिया। राजीव ने अपनी मां को बताया कि उन्हें पूरा यकीन है कि उन्हें प्यार हो गया है। सोनिया गांधी ने अपनी बायोग्राफी में इंदिरा गांधी से पहली मुलाकात के अनुभव के बारे में लिखा है। उन्होंने बताया है कि अपनी भावी सास से मिलने से पहले वह बहुत नर्वस थीं। इस कदर घबराई हुईं थीं कि पहली बार इंदिरा गांधी से मिले बिना ही लौट गई थीं। 

जब राजीव ने सोनिया के बारे में बताया, घबरा गईं इंदिरा गांधी

जब राजीव ने इंदिरा गांधी को लिखे दूसरे पत्र में सोनिया के लिए अपनी फीलिंग के बारे में बताया, तो उनकी प्रतिक्रिया के सामान्य मां की तरह ही थी– जल्दबाजी क्या है? इंदिरा ने राजीव को आगाह किया कि जिस पहली लड़की से वह मिले हैं, जरूरी नहीं कि वही उनके लिए सबसे सही जीवनसाथी हो। राजीव ने पलटकर पूछा कि कोई कैसे जान सकता है कि आगे चलकर उन्हें कोई और लड़की मिलेगी जो ज्यादा सही होगी? इंदिरा गांधी घबरा गईं। उनके मन में कई सवाल तैरने लगे - राजीव उस लड़की से अभी कुछ ही समय पहले तो मिले थे। ऐसे रिश्ते का क्या अंजाम होगा? क्या यह लड़की अपने घर से इतनी दूर, एक बिल्कुल अलग जीवनशैली में खुद को ढाल पाएगी? हर मां की तरह अपनी बहू को लेकर शायद उनकी भी कुछ इच्छाएं थीं, लेकिन वे उन्हें बच्चों पर थोपना नहीं चाहती थीं।

भारत जैसे देश में उन दिनों लव-मैरिज को बिल्कुल पसंद नहीं किया जाता था और अरेंज मैरिज ही आदर्श थी। लेकिन इंदिरा गांधी जानती थीं कि उनके दोनों बेटे कभी इसके लिए तैयार नहीं होंगे। आखिरकार, उन्होंने खुद भी तो अपने परिवार के खिलाफ जाकर, परंपराओं को तोड़कर शादी की थी। 1942 में जब उन्होंने फिरोज गांधी से शादी की, तो भारी विरोध का सामना करना पड़ा। वजह- फिरोज पारसी थे और इंदिरा गांधी कश्मीरी ब्राह्मण। कट्टरपंथी उनसे बहुत नाराज हो गए; इस युवा जोड़े और उनके परिवारों को नफरत भरे पत्र भेजे गए, यहां तक कि जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। ऐसे में जब राजीव ने अपनी पसंद के बारे में बताया, तो इंदिरा गांधी को वो सबकुछ याद आ गया और उनकी चिंता बढ़ गई। 

इंदिरा से पहले इस परिवार से हुई राजीव-सोनिया की मीटिंग

इंदिरा गांधी को समझ नहीं आ रहा था कि वह अपनी चिंता किससे साझा करें। इस नाजुक मामले में किस पर भरोसा किया जा सकता है? आखिरकार उन्होंने अपनी चिंता परिवार के एक पुराने दोस्त के साथ साझा करने का फैसला किया, जो उस समय लंदन में पदस्त थे- भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर पी. एन. हक्सर और उनकी पत्नी। हक्सर परिवार राजीव को जानता था और उन्हें बहुत पसंद करता था; लिहाजा उन पर भरोसा किया जा सकता था कि वे इस प्रेम कहानी को अपने तक ही सीमित रखेंगे। इंदिरा गांधी के हक्सर परिवार से बात करने के बाद पी. एन. हक्सर ने राजीव और सोनिया को हैम्पस्टेड स्थित अपने सरकारी आवास 'सन हाउस' में बुलाया। सोनिया गांधी ने लिखा है– थोड़ी बातचीत और परिचय के बाद, वे हमें खाना खिलाने के लिए एक भारतीय रेस्तरां ले गए। मुझे लगा कि वे मुझे परख रहे हैं, इसलिए पूरी शाम मैं काफी असहज रही। वैसे भी, मुझे मसालों की वह अजीब सी महक बिल्कुल पसंद नहीं थी। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में जब भी मैं मेन स्ट्रीट पर स्थित पाकिस्तानी रेस्तरां के पास से गुजरती, तो अपनी सांस रोक लेती और तेजी से आगे बढ़ जाती। हक्सर परिवार के साथ जब हम रेस्तरां में दाखिल हुए, तो मुझे बिल्कुल वैसी ही महक आई। मुझसे मेनू देखकर कुछ चुनने के लिए कहा गया। मैं उलझन में उसे बस देखती रही, तब राजीव ने मेरी मदद की। मेरे सामने गहरे लाल रंग का, थोड़ा सा जला हुआ चिकन पीस रखा गया—यह उत्तर भारत की एक खास डिश 'तंदूरी चिकन' थी। एक निवाला लेते ही, जैसे मेरे मुंह में आग लग गई! उस समय मैंने सोचा भी नहीं था कि यही डिश आगे चलकर मेरी पसंदीदा बन जाएगी। उस शाम, खाने के आखिर में एक ऐसी डिश आई जो कुछ जानी-पहचानी सी लग रही थी। यह बहुत ही मीठी, आधी जमी हुई दूध के साथ परोसी गई: कुल्फी-फालूदा। इसमें सेवइयां थी, जो दिखने में तो स्पेगेटीनी जैसी थीं। हालांकि पारदर्शी, चिपचिपी और बेस्वाद। अच्छी बात ये थी कि इसने चिकन की तरह मेरे मुंह को जलाया नहीं। मुझे कभी ठीक से पता नहीं चला कि राजीव की मां को क्या बताया गया, लेकिन हक्सर परिवार से मुलाकात के कुछ समय बाद ही उन्होंने राजीव को पत्र लिखकर मुझसे मिलने की इच्छा जताई।

मिलने के नाम से घबराईं सोनिया, कर दिया इनकार

जून 1965 में इंदिरा गांधी लंदन पहुंचीं। राजीव और सोनिया को हाई कमिश्नर के आवास पर पहुंचने के लिए कहा गया। अपनी भावी सास से मिलने के ख्याल ने ही सोनिया में सिरहन पैदा कर दी। वह इस कदर डर गईं कि बीच रास्ते से ही वापस लौट गईं।

अपनी बायोग्राफी में सोनिया गांधी ने लिखा है- हम कैम्ब्रिज से लंदन जा रहे थे और आधे रास्ते तक पहुंच चुके थे, तभी अचानक मुझे बहुत घबराहट होने लगी। मैंने राजीव से कार रोकने को कहा और कह दिया कि मैं आपकी मां से नहीं मिल सकती, कम से कम अभी तो बिल्कुल नहीं। उन्होंने मुझे शांत करने और समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर हमें एक पब्लिक फोन बूथ मिला, जहां से उन्होंने फोन करके इंदिरा गांधी को बताया कि आज मुलाकात नहीं हो पाएगी। तब मुझे बहुत शर्मिंदगी और पछतावा महसूस हुआ। अगले दिन हम वापस गए आए और दोपहर में मेरी मुलाकात अपनी होने वाली सास से हुई। राजीव और मैं पहली मंजिल पर गए, जहां वे अपने बिस्तर पर ड्रेसिंग गाउन पहने लेटी हुई थीं, वे थकी हुई थीं और जेट-लैग (लंबी यात्रा की थकान) से जूझ रही थीं। उन्होंने हमें अपने बिस्तर के पास बैठने के लिए कहा। उन्होंने मुझसे अंग्रेजी के बजाय फ्रेंच में बात की—एक ऐसी भाषा जिसे मैं अच्छी तरह जानती थी, जबकि अंग्रेजी उस समय मेरे लिए मुश्किल थी। उन्होंने मुझसे मेरे बारे में, मेरी पढ़ाई और मेरे परिवार के बारे में कुछ सवाल पूछे।

दहाड़ें मारकर रोनी लगीं सोनिया, इंदिरा ने यूं संभाला

अपनी सास से इस पहली मुलाकात में सोनिया गांधी इतनी नर्वस हो गईं कि उनके आंसू बहने लगे। कुछ ही देर में बूंद-बूंद कर गिरने वाले आंसू सैलाब जैसे तेज हो गए। सोनिया खुद अपने इस बर्ताव पर शर्मिंदा थीं, लेकिन भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पाईं। इंदिरा गांधी यह देखकर नाराज नहीं हुईं, बल्कि उन्होंने बेहद प्यार और तसल्ली भरे अंदाज में उन्हें अपने करीब खींचा और कहा, ‘डरो मत सोनिया, मैं भी एक इंसान हूं। मैं भी कभी जवान थी और प्यार में थी। मैं तुम्हें बहुत अच्छी तरह समझती हूं।‘

इंदिरा गांधी के इन शब्दों ने जादू सरीखा काम किया। सोनिया के आंसू रुक गए और उन्होंने अपनी भावी सास के सवालों के जवाब दिए। इसके बाद एक और घटना हुई, जिसने सोनिया गांधी को इंदिरा के करीब ला दिया। उसी शाम राजीव और सोनिया को एक दोस्त की पार्टी में जाना था। इस मौके के लिए सोनिया अपने साथ एक लंबी, काली 'इवनिंग ड्रेस' लेकर आई थीं। जब उन्होंने कपड़े बदलना शुरू किया, तो देखा कि ड्रेस का निचला किनारा थोड़ा उधड़ गया है। उन्होंने मदद के लिए राजीव को आवाज़ दी। राजीव ने अपनी मां की तरफ देखा और वह बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी सिलाई-किट लेकर सोनिया के पास पहुंच गईं। इंदिरा गांधी ने सोनिया से पूछा कि ड्रेस कहां से फटी है। इसके बाद वह नीचे बैठीं और सहजता से फटे हिस्से को सिल दिया। अपनी बायोग्राफी में सोनिया ने लिखा है- उनकी इस दयालुता से मैं अभिभूत थी और उन्हें धन्यवाद दिया। साफ था कि उनमें कोई दिखावा नहीं था; वह सच में एक बहुत अच्छी इंसान थीं!