
Manjit Singh Bedi Arrest: अमेरिका में कथित फ्रॉड के मामले में वांटेड मंजीत सिंह बेदी को पंजाब पुलिस ने जालंधर से पकड़ लिया है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। बेदी पर अमेरिका की सरकारी SNAP योजना में 6 लाख डॉलर से ज्यादा की धोखाधड़ी का आरोप है।
मंजीत सिंह बेदी को FBI ने मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर की सूची में शामिल किया था। उस पर अमेरिकी सरकार को कम से कम 6 लाख डॉलर का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी और उसे दोषी ठहराए जाने की जानकारी देने पर 1.5 लाख डॉलर तक के इनाम का ऐलान किया था। यह रकम करीब 1.42 करोड़ रुपये बैठती है। बेदी भारत में जन्मा और बाद में अमेरिकी नागरिक बना। वह वॉशिंगटन के टाकोमा में एशियन ग्रॉसरी स्टोर नाम से किराना स्टोर चलाता था।
FBI के मुताबिक बेदी पर SNAP लाभार्थियों के इलेक्ट्रॉनिक बेनिफिट ट्रांसफर (EBT) कार्ड का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है। वह कार्ड से लेनदेन करता था लेकिन उसके बदले लाभार्थियों को खाने का सामान नहीं देता था। आरोप है कि वह लाभार्थियों को नकद रकम देता था और लेनदेन से मिली रकम का आधा हिस्सा खुद रख लेता था। FBI के अनुसार यह कथित धोखाधड़ी मार्च 2024 से जून 2025 के बीच हुई।
बेदी पर अमेरिका में वायर फ्रॉड और SNAP लाभ धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। शुरुआत में उसे गिरफ्तार किए बिना अदालत में पेश होने की अनुमति दी गई थी। उसे अपना पासपोर्ट जमा करने और वॉशिंगटन राज्य में रहने का आदेश दिया गया था। FBI के अनुसार, इसके बावजूद वह पहले कनाडा भाग गया और फिर अप्रैल 2026 में कनाडा के रास्ते भारत आ गया। उसकी निगरानी संबंधी शर्तों के उल्लंघन के बाद 21 मई 2026 को वॉशिंगटन के पश्चिमी जिले की अमेरिकी जिला अदालत ने उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने बेदी को पकड़कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस भगोड़ों को पकड़ने और सीमा पार से चलने वाले संगठित अपराध नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।