
Manoj Tiwari Yamuna River: छठ महापर्व से पहले दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी बीच उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने गुरुवार को सोनिया विहार में यमुना नदी में डुबकी लगाई और तैरते हुए नजर आए। उन्होंने इसे यमुना की सफाई का 'रील बनाम रियलिटी टेस्ट' बताया। इसके बाद भाजपा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी। भाजपा का दावा है कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने दो साल से भी कम समय में यमुना के बड़े हिस्से को साफ किया है। वहीं, आम आदमी पार्टी का आरोप है कि नदी अब भी प्रदूषित है और झाग खत्म करने के लिए केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है।
मनोज तिवारी ने गुरुवार को पहले नाव से सोनिया विहार में यमुना का निरीक्षण किया और फिर नदी में उतरकर डुबकी लगाई। भाजपा ने उनके इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। दिल्ली भाजपा के आधिकारिक हैंडल से पोस्ट में दावा किया गया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अपने लंबे शासन के दौरान यमुना की सफाई के मामले में जो नहीं कर पाईं, उसे भाजपा सरकार ने दो साल से भी कम समय में कर दिखाया है। पार्टी ने कहा कि मनोज तिवारी ने करीब 30 किलोमीटर तक यमुना की स्थिति दिखाकर सफाई का लाइव टेस्ट किया। भाजपा ने इसी पोस्ट में अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए पूछा कि वह यमुना में डुबकी लगाने कब आएंगे।
यमुना में डुबकी लगाने के बाद मनोज तिवारी ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने करीब 30 किलोमीटर तक नदी को स्वच्छ किया है। उन्होंने दिल्लीवासियों से छठ महापर्व यमुना के किनारे मनाने की अपील की। भाजपा सांसद ने कहा कि कुछ लोग पार्कों में गड्ढे बनाकर छठ मनाते हैं, जो उनकी आस्था का विषय है। हालांकि, उन्होंने छठ की मूल भावना को जल संरक्षण और जल की स्वच्छता से जोड़ते हुए लोगों से यमुना किनारे आकर पर्व मनाने का आग्रह किया।
यमुना की सफाई का मुद्दा दिल्ली में लंबे समय से राजनीतिक विवाद का विषय रहा है। भाजपा ने पिछले कई वर्षों में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार को नदी की सफाई के मुद्दे पर घेरा था। केजरीवाल ने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले यमुना में डुबकी लगाने की बात कही थी, लेकिन वह अपना यह वादा पूरा नहीं कर सके। अब मनोज तिवारी के नदी में उतरने के बाद भाजपा ने फिर उनसे सवाल किया है।
इससे पहले 18 अक्टूबर को मनोज तिवारी ने यमुना के जल से आचमन किया था। यमुना की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद उन्होंने नदी में डुबकी लगाकर उसकी वास्तविक स्थिति दिखाने का ऐलान किया था। उन्होंने नेताओं को चुनौती देते हुए 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे सोनिया विहार पहुंचने की अपील की थी। उनका कहना था कि यमुना दिल्ली की आस्था भी है और जिम्मेदारी भी।