राष्ट्रीय

‘पटक पटककर मारेंगे’ वाले बयान पर आपस में भिड़े BJP के बड़े नेता, निशिकांत दुबे को जमकर कोसा, झारखंड से महाराष्ट्र तक सियासत में उबाल

Marathi Vs Hindi Row: मराठी और हिंदी भाषा विवाद थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के पटक, पटककर मारूंगा वाले बयान का जवाब देते हुए महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आप हमारे पैसों पर पल रहे हैं।
3 min read
Jul 08, 2025
Hindi-Marathi Row
मराठी और हिंदी भाषा विवाद पर ​बीजेपी के नेता आमने-सामने हो गए हैं। फोटो: आईएएनएस

Hindi Vs Marathi Row: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर बवाल मच गया है। बीजेपी के बड़े नेता अब आमने सामने आ गए हैं। दरअसल, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस (CM Devendra Fadnavis) ने निशिकांत दुबे को करारा जवाब दिया है। फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र में मराठी लोगों का ऐतिहासिक योगदान बहुत बड़ा है। यह राज्य देश की जीडीपी में सबसे ज्यादा योगदान देता है।

'आपके पास किस तरह के उद्योग हैं'

निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey) के बयान का जवाब देते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि आप लोग हमारे पैसे पर पल रहे हैं। आपके पास किस तरह के उद्योग हैं? इस तरह की बात करना सही नहीं है। क्योंकि इससे जो अर्थ निकलते हैं, वे लोगों के मन में भ्रम पैदा करते हैं।

मराठियों के योगदान को कोई नकार नहीं सकता- सीएम

सीएम ने कहा कि मैं एक बार फिर से यह बात कहता हूं कि मराठी लोगों का ऐतिहासिक योगदान बहुत बड़ा है। मुझे लगता है कि इस देश के अतीत और वर्तमान में महाराष्ट्र और मराठी लोगों के योगदान को कोई नकार नहीं सकता। अगर कोई इससे इनकार करता है, तो यह गलत है।

फडणवीस ने आगे कहा कि जब विदेशी आक्रमणकारियों ने भारत की संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश की, उस समय छत्रपति शिवाजी महाराज ने इसे जीवित रखने का काम किया। छत्रपति संभाजी महाराज ने भी यही किया और उसके बाद मराठों ने संस्कृति को जीवित रखने के लिए पूरे भारत में विदेशी आक्रमणकारियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी।

पानीपत की लड़ाई भी मराठों ने लड़ी थी: फडणवीस

उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि पानीपत की लड़ाई भी मराठों ने लड़ी थी। अब्दाली ने स्पष्ट रूप से युद्धविराम पत्र दिया था, जिसमें कहा गया था कि मुझे पंजाब से पेशावर तक की जमीन दे दो। हमें बलूचिस्तान दे दो और बाकी भारत मराठों का है, लेकिन मराठों ने इसे स्वीकार नहीं किया। मराठा देश और भारत को बचाने के लिए पानीपत में लड़ने गए थे, इसलिए यह मराठों का इतिहास है। आज भी महाराष्ट्र देश की जीडीपी में सबसे ज्यादा योगदान देता है। इसलिए, मुझे लगता है कि इस देश के इतिहास और वर्तमान में महाराष्ट्र और मराठी लोगों के योगदान को कोई नकार नहीं सकता है और अगर कोई इस बात से इनकार करता है तो यह बहुत गलत है।

मुंबई भाजपा अध्यक्ष ने निशिकांत दुबे को दे दी सलाह

दूसरी तरफ, मुंबई भाजपा अध्यक्ष और महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार (Ashish Shelar) ने भी सोमवार को विधानसभा में इस मुद्दे पर अपना पक्ष रखा। दुबे का नाम लिए बिना शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र पूरी दुनिया में मराठी लोगों की ताकत का प्रमाण है। झारखंड के सांसद को निश्चित रूप से कानून के दायरे में अपनी दलील पेश करनी चाहिए, लेकिन मराठी लोगों की उपलब्धियों और काम पर सवाल नहीं उठाना चाहिए। मराठी लोग किसी के पैसे पर नहीं जी सकते। जीडीपी में उनका योगदान काफी बड़ा है।

आप लोग हमारे पैसे पर जी रहे हैं: निशिकांत दुबे

निशिकांत दुबे ने उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे पर बयान देकर विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा था, 'आप लोग हमारे पैसे पर जी रहे हैं। आपके पास किस तरह के उद्योग हैं? अगर आप इतने साहसी हैं और हिंदी बोलने वालों को हरा सकते हैं, तो आपको उर्दू, तमिल और तेलुगु बोलने वालों को भी हराना चाहिए। अगर आप इतने बड़े 'बॉस' हैं, तो महाराष्ट्र से बाहर आएं, बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु आएं। तुमको पटक, पटक के मारेंगे। दुबे ने मुंबई में हिंदी भाषी लोगों को निशाना बनाने के लिए ठाकरे बंधुओं की आलोचना की। मराठी भाषा लागू करने को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए दुबे ने ठाकरे भाइयों पर बृहन्मुंबई नगर निगम चुनावों से पहले "सस्ती राजनीति" करने का आरोप लगाया और उनके चुनिंदा आक्रोश पर सवाल उठाया।

Updated on:
08 Jul 2025 04:39 pm
Published on:
08 Jul 2025 04:39 pm