
Marco Rubio India visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर उम्मीद जताई है कि दोनों देश जल्द ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंच सकते हैं। मुंबई में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात के बाद रुबियो ने कहा कि समझौते से जुड़े कुछ छोटे मुद्दे अभी बाकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस पर अच्छी खबर सामने आएगी और समझौते पर हस्ताक्षर हो सकेंगे। रुबियो अपनी पत्नी के साथ दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। मुंबई में उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ ऐतिहासिक गेटवे ऑफ इंडिया का दौरा किया और 26/11 आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने ताज मेमोरियल पहुंचे।
ताज मेमोरियल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रुबियो ने भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण कमर्शियल और बिजनेस साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग भी मजबूत है। रुबियो ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश और सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर चार बार अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं। ऐसे में उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय मुलाकातों को ज्यादा नहीं माना जाना चाहिए, बल्कि ऐसी बातचीत आगे भी जारी रहनी चाहिए। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत अमेरिका का मजबूत रणनीतिक साझेदार है। उन्होंने दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में जारी संपर्क और सहयोग का भी जिक्र किया।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के सवाल पर रुबियो ने कहा कि विदेश विभाग सीधे तौर पर व्यापार समझौतों पर बातचीत नहीं करता, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के तौर पर उन्हें इस मुद्दे में गहरी दिलचस्पी रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देश समझौते के काफी करीब हैं और कुछ छोटे मुद्दों को सुलझाना बाकी है। रुबियो ने उम्मीद जताई कि जल्द ही समझौते को लेकर घोषणा की जा सकेगी और इसके बाद हस्ताक्षर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मुंबई दौरे के बाद मार्को रुबियो गुजरात के जामनगर जाने वाले हैं। वहां वह उद्योगपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिफाइनरी का दौरा करेंगे। यह रिफाइनरी दुनिया की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में गिनी जाती है। रुबियो का यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा और रणनीतिक सहयोग को लेकर जारी उच्चस्तरीय बातचीत के बीच हो रहा है।