राष्ट्रीय

सूरत में कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर खाक

Surat Fire: सूरत में आज भीषण आग लगने का मामला सामने आया है, जिससे हाहाकार मच गया। यह आग एक कपड़ा गोदाम में लगी।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 3:18 PM IST
Surat fire
सूरत में कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आग (Photo - Video Screenshot from @ANI)

गुजरात (Gujarat) के प्रमुख कपड़ा उद्योग शहर सूरत (Surat) में आज, शनिवार, 14 नवंबर को एक कपड़ा गोदाम में भीषण आग लग गई। घटना खरवासा इलाके में हुई, जहाँ कपड़े के वेस्टेज का बड़ा स्टॉक जमा था। इस गोदाम में रखे कपड़े के कचरे में अचानक आग भड़क उठी, जिससे हाहाकार मच गया। आग की लपटों से कुछ ही देर में पूरा गोदाम धधक उठा और थोड़ी ही देर में पूरा इलाके में धुआं फैल गया।

आग बुझाने का काम जारी

आग की सूचना मिलते ही सूरत दमकल विभाग की 9 गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने पानी की तेज़ बौछार से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी है। हालांकि आग इतनी तेज़ थी कि कपड़े के वेस्टेज में तेज़ी से फैल गई और काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। घंटों की मशक्कत के बाद भी अभी तक आग को पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका है और यह काम अभी भी जारी है। हालांकि आगे के काफी हिस्से पर काबू पाया जा चुका है लेकिन अभी तक इसे पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका है।

लाखों का माल जलकर खाक

आग इतनी भीषण थी कि इसकी वजह से गोदाम में रखा लाखों का माल जलकर खाक हो गया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सटीक आकलन किया जा सकेगा। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की तेज़ कार्रवाई से स्थिति काबू में आई, नहीं तो नुकसान और ज़्यादा बढ़ सकता था। आग लगने के समय गोदाम में कितने मजदूर थे इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि किसी के भी हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

किस वजह से लगी आग?

सूरत के इस कपड़ा गोदाम में आग किस वजह से लगी, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है जिससे आग लगने के पीछे की वजह का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। गौरतलब है कि कपडा बहुत आसानी से आग पकड़ लेता है। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौजूद हैं। हादसे की वजह से आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

Updated on:
14 Nov 2026, 3:18 PM IST
Published on: