राष्ट्रीय

‘डंडों से पीटा, सीने पर घूंसे मारे, 24 घंटे रोका इलाज’, अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने तिहाड़ जेल में लगाया टॉर्चर का आरोप

म्यांमार आतंकी मॉड्यूल मामले में आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने आरोप लगाया है कि तिहाड़ जेल में अपनी छह महीने की कैद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 1:15 PM IST
Matthew Van Dyke
मैथ्यू वैनडाइक (फोटो- ANI)

Matthew Van Dyke Allegations: म्यांमार टेरर मॉड्यूल मामले में आरोपी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने आरोप लगाया है कि तिहाड़ जेल में लगभग छह महीने की कैद के दौरान उन्हें बार-बार पीटा गया और प्रताड़ित किया गया। यह हलफनामा उनके खिलाफ NIA की चार्जशीट दाखिल होने से करीब दो सप्ताह पहले तैयार किया गया था। वैनडाइक के अनुसार, जेल में रहने के दौरान उनकी छाती और बांहों पर पुलिस की लाठियों से हमले किए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छाती पर लगी चोटों के लिए तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत होने के बावजूद, उन्हें लगभग 24 घंटे तक बिना किसी इलाज के छोड़ दिया गया।

24 घंटे तक मेडिकल इलाज नहीं देने का आरोप

वैनडाइक ने आरोप लगाया कि तिहाड़ जेल के अंदर उन पर बार-बार हमले किए गए। उन्होंने दावा किया कि उनकी छाती और बांहों पर पुलिस की लाठियों से वार किए गए और उनकी छाती पर घूंसे मारे गए। वैनडाइक के अनुसार बहुत ज्यादा दर्द होने और तुरंत मेडिकल देखभाल की सख्त जरूरत होने के बावजूद जेल प्रशासन ने लगभग 24 घंटे तक उन्हें कोई इलाज नहीं दिया।

हलफनामे में वैनडाइक ने अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे भारतीय अधिकारियों को यह स्पष्ट कर दें कि यदि वह NIA द्वारा तैयार की जा रही चार्जशीट की बातों से संतुष्ट नहीं हुए, तो वह हिरासत के दौरान झेली गई प्रताड़ना की पूरी जानकारी मीडिया और अंतरराष्ट्रीय अदालतों के सामने उजागर कर देंगे।

दूतावास को भेजा गया यह हलफनामा चर्चा में तब आया जब वैनडाइक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। जिसमें वैनडाइक ने लिखा, "भारत ने मुझे और कई यूक्रेनियनों को छह महीने से अधिक समय तक जेल में रखा। यह यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध का हिस्सा था। आने वाले महीनों में, मैं पोस्ट और मीडिया साक्षात्कारों के जरिए इस कहानी के चौंकाने वाले खुलासे करूंगा।"

प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने देश भर के विभिन्न हवाई अड्डों से इस साल मार्च में मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिक विक्टर कामिन्स्की, पेट्रो हर्बा, तारास स्लीवियाक, इवान सुकमनोव्स्की, मारियन स्टेफान किव और मैक्सिम गोंचारुक को गिरफ्तार किया था। वे बिना जरूरी परमिट के पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम से म्यांमार में दाखिल हुए थे। जांच एजेंसी को शक था कि यह ग्रुप म्यांमार में सक्रिय सशस्त्र जातीय विद्रोही संगठनों के संपर्क में था, जिनमें से कई के बारे में माना जाता है कि उनके ठिकाने पूर्वोत्तर भारत के सीमावर्ती इलाकों में हैं।

UAPA के तहत जांच जारी है

शुरुआत में इस मामले को लेकर अप्रैल में भारत के कड़े आतंकवाद विरोधी कानून गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत केस दर्ज किया गया था। हालांकि, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अदालत में अपनी शुरुआती चार्जशीट दाखिल की, तो उसमें केवल इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 21 और 23 के तहत आरोप शामिल थे।

NIA ने अदालत को बताया कि UAPA से जुड़े पहलुओं की जांच अभी चल रही है और ठोस सबूत मिलने पर एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जाएगी। इसके बाद अदालत ने चार्जशीट को अधूरा मानते हुए मैथ्यू वान डाइक को डिफॉल्ट जमानत दे दी थी, क्योंकि UAPA के तहत जांच लंबित थी।

फरवरी 2027 तक अमेरिका में रहने की अनुमति

मैथ्यू वैनडाइक दिल्ली की एक अदालत में पेश होने के लिए अक्टूबर में भारत आए थे। उन्हें 24 फरवरी 2027 तक अमेरिका में रहने की अनुमति मिल गई है। अमेरिकी दूतावास ने इस पूरे मामले या तिहाड़ जेल में दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है।

Updated on:
11 Nov 2026, 1:15 PM IST
Published on: