
Mayur Vihar Phase 3 40-Year-Old Man Death: दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में रविवार को एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मामला ईस्ट दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना को लेकर मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड नंदलाल यादव ने बताया कि उसने तड़के करीब 4 बजे कुछ लोगों को इलाके में देखा था। गार्ड का दावा है कि उन लोगों में से दो ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
नंदलाल यादव ने कहा कि मैंने सुबह करीब 4 बजे कुछ लोगों को देखा था। उन लोगों ने मुझे भी जान से मारने की धमकी दी थी। वे दो लोग थे।
घटना पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। AAP विधायक कुलदीप कुमार ने दावा किया कि मौके पर एक सुरक्षा गार्ड तैनात था और वारदात उसके सामने हुई। विधायक के मुताबिक, गार्ड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन अगर वह ज्यादा हस्तक्षेप करता तो उसकी जान को भी खतरा हो सकता था।
AAP विधायक ने दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस और कानून का डर पूरी तरह खत्म हो गया है।
कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली क्राइम कैपिटल बन गई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में उनके विधानसभा क्षेत्र में 7 से 8 हत्याएं हो चुकी हैं और इलाके में लगातार वारदातें हो रही हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं को लेकर दिल्ली पुलिस और बीजेपी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है।
कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर एक बार फिर दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने बीजेपी की ‘फोर-इंजन सरकार’ पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली अपराध की राजधानी बनती जा रही है।
उन्होंने अपने पोस्ट में दावा किया कि मयूर विहार फेज-3 में विधायक कार्यालय के सामने 40 वर्षीय व्यक्ति को बेरहमी से पीटकर मार दिया गया और इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।