
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने को लेकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अखरान नौपोरा इलाके को लगभग छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आतंकियों की करतूत के लिए पूरी आबादी को सजा देना अन्यायपूर्ण और अस्वीकार्य है।
महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इलाके से आ रही खबरें बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि अज्ञात आतंकियों की कार्रवाई और सुरक्षा में संभावित चूक के लिए पूरी आबादी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। सामूहिक सजा से लोगों में अलगाव और नाराजगी बढ़ती है। निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम जिले के अखरान इलाके के नौपोरा में नाके पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में भर्ती कराया गया था। इसके बाद हमलावरों की तलाश में कई एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए थे, ताकि हमले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने श्रीनगर के आर्मी अस्पताल में भर्ती हेड कॉन्स्टेबल सोनबीर सिंह से मुलाकात की। सोनबीर सिंह हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे। सीआरपीएफ की ओर से एक्स पर साझा जानकारी के अनुसार, डीजी अपने कश्मीर घाटी दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घायल जवान का हाल जानने पहुंचे। सीआरपीएफ के मुताबिक, नौपोरा-अखरान में आतंकी हमले के दौरान सोनबीर सिंह ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिससे हमलावरों की कोशिश नाकाम करने और बड़ी वारदात टालने में मदद मिली।
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह केवल सुरक्षा में चूक का मामला नहीं, बल्कि भारत सरकार की विफलता है। कर्रा ने घायल जवानों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि हमला उपराज्यपाल के एक कार्यक्रम से महज दो-तीन किलोमीटर की दूरी पर हुआ। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि हमलावर अपनी मर्जी से कहीं भी हमला कर सकते हैं।