
सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love), जो उनकी आत्मकथा है, रिलीज़ हो चुकी है और इसके साथ ही चर्चा का विषय भी बन चुकी है। सोनिया की इस किताब पर अलग-अलग पार्टियों के नेता अपनी प्रतिक्रिया पेश कर रहे हैं और अब पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (Peoples Democratic Party - PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती (Mehbooba Mufti) ने भी इस पर अपनी राय पेश की है।
मुफ्ती ने सोनिया की किताब की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अन्य महिला राजनेता ने उतना नहीं सहा है, जितना सोनिया ने सहा है। श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए मुफ्ती ने कहा, "मैंने सोनिया गांधी को एक नेता और फिर एक कुशल राजनेता के रूप में विकसित होते देखा है। उन्होंने बहुत कुछ झेला है। मेरी राय में किसी भी अन्य महिला राजनेता ने उतना नहीं सहा है, जितना उन्होंने सहा है। जिस तरह से उन्होंने खुद को संभाला, खासकर तब, जब उनके बच्चों को उस गहरे सदमे से गुज़रना पड़ा, जब उनकी दादी और फिर उनके पिता राजीव जी की हत्या कर दी गई। यह उनके लिए भावनात्मक रूप से बहुत मुश्किल रहा होगा। फिर भी इतनी खूबसूरत किताब लिखना, जिसमें कई सुखद यादें हैं, बेशक, इसमें कुछ दुखद पल भी हैं। यह एक ऐसी बात है जिसके लिए मैं उनकी सच में तारीफ करती हूं। उनमें यह क्षमता है, उनमें यह ताकत है कि वह इन सब चीजों को सह सकें।"
मुफ्ती ने पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) की विरासत का बचाव किया करते हुए बीजेपी (BJP) की वैचारिक सोच वाली राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "जिस तरह से बीजेपी के लोग जवाहरलाल नेहरू के बारे में बात कर रहे हैं, वो जवाहरलाल नेहरू के बारे में क्या समझेंगे? नेहरू वह व्यक्ति थे, वह प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने आज़ादी से पहले, जब पूरा देश संघर्ष कर रहा था तब खुद जेल की सज़ा काटी। उनकी बेटी भी जेल गईं। इसके बाद उसी परिवार ने देश को दो प्रधानमंत्री दिए, जिन्होंने इस देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। यही जवाहरलाल नेहरू की विरासत है। मेरी नज़र में बीजेपी नेहरू को नहीं समझ सकती क्योंकि उनकी सोच, उनकी मानसिकता बहुत संकीर्ण है। उनकी राजनीति और मानसिकता सिर्फ हिंदुओं और मुस्लिमों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की है।"