
Meta Transparency Report 2026: सोशल मीडिया पर कंटेंट प्रतिबंधित करने की कार्रवाई में तेजी आई है। मेटा ने 2026 की पहली छमाही में भारत में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर 54.4 लाख से ज्यादा कंटेंट प्रतिबंधित किए। यह संख्या 2025 की दूसरी छमाही के 41,400 कंटेंट के मुकाबले करीब 131 गुना अधिक है। मेटा की ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर रहा। इंडोनेशिया में सबसे ज्यादा 2.06 करोड़ कंटेंट प्रतिबंधित किए गए।
रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी 2026 में आइटी नियमों में संशोधन के बाद कार्रवाई की समयसीमा घटाई गई। सरकारी नोटिस मिलने पर गैरकानूनी कंटेंट हटाने की अवधि 36 घंटे से घटाकर दो घंटे कर दी गई। नग्नता और पहचान की नकल जैसे मामलों में शिकायत पर भी दो घंटे में कार्रवाई का प्रावधान किया गया।
मेटा के अनुसार प्रतिबंधित सामग्री में ऑनलाइन गेमिंग, एआइ से तैयार हस्तियों के चित्र और वीडियो, देश की संप्रभुता के लिए खतरा माने गए कंटेंट और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री शामिल थी। कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार के मंत्रालयों, आइ4सी और राज्य पुलिस एजेंसियों के नोटिस भी आधार बने। भारत में थ्रेड्स पर भी 20 हजार से ज्यादा कंटेंट प्रतिबंधित किए गए।