राष्ट्रीय

जॉर्जिया मेलोनी को PM नरेंद्र मोदी का टॉफी देना नहीं आया राहुल गांधी को रास, पोस्ट शेयर कर कसा तंज

PM Modi Melody Toffee: प्रधानमंत्री मोदी ने इटली दौरे पर प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट की वीडियो जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे आर्थिक मुद्दों की अनदेखी कर नौटंकी बताया।
2 min read
May 20, 2026
PM Modi Italy Visit
PM नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी का तंज

PM Narendra Modi Italy Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए इटली दौरे में मेलोडी टॉफी गिफ्ट करने के मामले को लेकर हमला बोला है। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा आर्थिक तूफान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं।

किसान और महिलाओं के लिए उठाया मुद्दा

राहुल गांधी ने आगे कहा कि किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि प्रधानमंत्री हंसते हुए वीडियो बना रहे हैं और बीजेपी नेता ताली बजा रहे हैं। उन्होंने इस घटना को नेतृत्व नहीं, नौटंकी करार दिया।

पीएम मोदी ने इटली दौरे पर गिफ्ट की मेलोडी टॉफी

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी इटली के दौरे पर थे और इस दौरान उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को खास ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसके लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। इसके बाद ‘मेलोडी’ टॉफी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

एक हल्के-फुल्के वीडियो में दोनों नेताओं को मुस्कुराते और हंसते हुए देखा गया। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी नीले रंग का बंदगला सूट पहनकर मेलोनी (सफेद सूट में) को मेलोडी टॉफियों का बैग देते हुए नजर आए। इस क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए मेलोनी ने लिखा गिफ्ट के लिए धन्यवाद। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और #Melodi हैशटैग भी खूब चर्चित हुआ।

इटली दौरे में दिखी मजबूत भारत-इटली दोस्ती

प्रधानमंत्री मोदी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में इटली पहुंचे थे। रोम पहुंचने के बाद उनकी मुलाकात मेलोनी के साथ डिनर पर हुई। दोनों नेताओं ने कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह भारत-इटली मित्रता को और मजबूत करने को लेकर औपचारिक वार्ता का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान दोनों नेताओं ने कालीज़ीयम का भी दौरा किया। यह ऐतिहासिक स्थल दुनिया के सबसे प्रसिद्ध प्राचीन एम्फीथिएटर में गिना जाता है। मोदी ने वहां की तस्वीरें और अनुभव भी साझा किए। इटली में भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Updated on:
20 May 2026 03:30 pm
Published on:
20 May 2026 03:10 pm