IMD Weather News: मौसम विभाग के अनुसार 16 मई तक दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD Weather Report: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 मई तक मानसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। यह मानसून की सामान्य प्रगति का संकेत माना जा रहा है।
आइएमडी ने कहा कि वर्तमान में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अनुकूल वायुमंडलीय परिस्थितियां विकसित हो रही हैं, जो मानसून की गति को तेज कर सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के केरल तट पर पहुंचने की तिथि अभी भी 1 जून के आसपास ही मानी जा रही है। लेकिन यदि हवाओं की गति में तेजी आई तो मानसून केरल तट पर पहले भी टकरा सकता है।
उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी हुई है। आइएमडी ने भीषण गर्मी व लू को लेकर अगले दो दिनों के लिए पश्चिम राजस्थान में रेड और पूर्वी राजस्थान ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 47-48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी लू व भीषण गर्मी का असर बढ़ रहा है।
13 से 16 मई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30 से 60 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं।
मानसून की आहट के साथ ही दक्षिण भारत के राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। आइएमडी ने 13 से 17 मई तक तमिलनाडु, केरल, पुदुचेरी, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय प्रशासन और आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की प्रगति और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण कई राज्यों के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है।