
नई दिल्ली। उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी राज्यों में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए नौ जिलों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा जताया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून ट्रफ और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के चलते बारिश का यह दौर शुरू हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में 11 अगस्त को राज्य में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। 12 से 17 अगस्त तक लगातार मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा। हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में11 अगस्त को व्यापक बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। 12 अगस्त को थोड़ी राहत के बाद 13 अगस्त को फिर से तेज बारिश का दौर लौटेगा। पूर्वी राजस्थान व उत्तराखंड में पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड में भी 11 और 12 अगस्त को कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर में 11 से 16 अगस्त तक रुक-रुक कर भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम से कम स्तर की अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है। लगातार हो रही बारिश से मिट्टी पूरी तरह नम हो चुकी है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के डोडा, कठुआ और उधमपुर जिलों में भी बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और राजस्थान के झालावाड़ जिले में मंगलवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। भोपाल में प्रशासन ने नगर निगम सीमा में आने वाले सभी नर्सरी से 12वीं तक के सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी। झालावाड़ में तेज बारिश के चलते छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को झालावाड़ जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं स्कूलों में कार्यरत शिक्षक व कार्मिक स्कूल में उपस्थित रहेंगे।
सोमवार सुबह से मंगलवार तड़के तक उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जम्मू में 8 सेमी, कटरा में 6 सेमी और अमृतसर में 5 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, साथ ही दक्षिण-पूर्व हिमाचल प्रदेश पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मानसून ट्रफ बीकानेर से उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है, जिसके चलते आगामी 5 से 6 दिनों तक हिमालयी राज्यों और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा।