राष्ट्रीय

Gujarat: बेटे को तेंदुए से छुड़ाने के लिए जान की परवाह किए बिना भिड़ गई मां, हिम्मत के आगे मासूम को छोड़ भागा शिकारी

Leopard Attack: नवसारी जिले के सरा गांव में मां के साथ आंगन में खेल रहे सात वर्षीय बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को गर्दन से पकड़कर खींचने लगा, लेकिन मां ने पीछा कर उसे छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:19 PM IST
Leopard Attack
हमले में घायल मासूम। फोटो- पत्रिका

Gujarat Leopard News: नवसारी जिले के वांसदा तहसील के सरा गांव में घर के आंगन में मां के साथ खेल रहे सात वर्षीय बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को गर्दन के पास से दबोचकर खींचने लगा। यह देखकर मां ने हिम्मत दिखाई और शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में बच्चा घायल हो गया, जिसका वांसदा कॉटेज अस्पताल में उपचार किया गया।

मासूम की गर्दन को दबोचा

जानकारी के अनुसार सरा गांव के कमदी फलिया निवासी सनी अजय कुकणा अपनी मां जागृति बेन के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने बच्चे को गर्दन के पास से पकड़ लिया और खींचने लगा। बच्चे को तेंदुए के चंगुल में फंसा देखकर मां घबराने के बजाय उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी। उसने जोर-जोर से चिल्लाते हुए तेंदुए का पीछा किया। मां की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंच गए।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

लोगों को आता देख तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण घायल बच्चे को वांसदा कॉटेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। हमले की सूचना मिलने पर रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर किंजल चौधरी और अमित टंडेल वन विभाग की टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चे का हालचाल जाना और परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का सर्वे किया। तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू करते हुए इलाके में पिंजरा भी लगाया गया।

सांसद और विधायक अस्पताल पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने पर वलसाड-डांग के सांसद धवल पटेल और विधायक अनंत पटेल सहित अन्य नेता भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चे की कुशलक्षेम पूछी और चिकित्सकों से उसके उपचार की जानकारी ली। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में पिंजरे लगाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। फिलहाल बच्चे की हालत ठीक बताई जा रही है। घटना के बाद कमदी फलिया और आसपास के इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। लोग वन विभाग से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:19 PM IST
Published on: