राष्ट्रीय

मुफ्त राशन की जांच में चौंकाने वाला सच: हर 100 में 13 लाभार्थी अपात्र

केंद्र की स्टडी में मुफ्त राशन योजना के 13.2% लाभार्थी अपात्र मिले। पश्चिम बंगाल में हर 100 में करीब 40 लाभार्थी अपात्र हैं। जानें किन राज्यों का क्या हाल है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 9:30 AM IST
Large-scale irregularities in the free ration scheme
मुफ्त राशन योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी (फोटो- प्रतिकात्मक, AI जेनरेटेड)

केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही है मुफ्त राशन योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आया है। 100 में से 13 लाभार्थी अपात्र है। पश्चिम बंगाल में यह आंकड़ा बढ़कर 40 फीसदी के करीब है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल में हर 100 राशन कार्ड धारकों में से करीब 40 ऐसे लाभार्थी हैं, जिन्हें सरकारी नियमों के हिसाब से मुफ्त अनाज नहीं मिलना चाहिए था। केंद्र सरकार द्वारा कराए गए एक मूल्यांकन अध्ययन में इसका खुलासा हुआ है।

किस जांज में इस गड़बड़ी का हुआ खुलासा

दरअसल, केंद्र सरकार के अधीन खाद्य व सार्वजनिक वितरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 के लिए रिसर्च कराया। इसमें देश के सभी 36 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश के 51,303 लाभार्थी परिवारों को शामिल किया गया। हर राज्य में कम से कम 550 परिवार चुने गए। इस रिसर्च सैंपल के आधार पर निष्कर्ष यह निकला कि देशभर में 13.2 फीसदी लाभार्थी ऐसे हैं, जो पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करते, फिर भी मुफ्त अनाज ले रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में यह गड़बड़ी सबसे अधिक

पश्चिम बंगाल में इस योजना में सबसे अधिक गड़बड़ी पाई गई है। यहां 39.5 फीसदी लाभार्थी अपात्र पाए गए, जबकि त्रिपुरा में यह आकंड़ा 39.2 फीसदी है। तमिलनाडु में 38.7 फीसदी लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं। मेघालय में 28.5 फीसदी, बिहार में 25.5 फीसदी और ओडिशा में गड़बड़ी का यह आकंड़ा 22.9 फीसदी है। सबसे कम गड़बड़ी पाए जाने वाले राज्यों में मध्य प्रदेश (0.5 फीसदी), जम्मू कश्मीर (0.3 फीसदी) हरियाणा व दिल्ली (1-1 फीसदी) और राजस्थान (1.8 फीसदी) हैं।

ग्रामीण-शहरी और श्रेणी के आधार पर आंकड़े

ग्रामीण इलाकों में त्रुटि दर 12.5% और शहरी इलाकों में 15.6% है। अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के परिवारों में त्रुटि 12.2% है, जबकि प्राथमिकता वाले परिवारों (PHH) में 13.4% और शहरी PHH परिवारों में यह थोड़ी ज़्यादा, 15.7% है।

कौन-कौन उठा रहे इस योजना का लाभ

अपात्र लाभार्थियों में वह लोग भी शामिल हैं, जिनके पास पक्के मकान, एसी और यहां तक की सरकारी नौकरी भी है। इस रिसर्च के मुताबिक ज्यादा गड़बड़ी वाले राज्यों में यही वजहें सबसे बड़ी रहीं। गांवों में अपात्र लाभार्थी 12.5 फीसदी और शहरों में 15.6 फीसदी मिले।

अंत्योदय और प्राथमिकता वाले परिवारों का हाल

अंत्योदय अन्न योजना के परिवार सबसे गरीब माने जाते हैं और उन्हें हर महीने 35 किलो अनाज मिलता है। इनमें गड़बड़ी 12.2 फीसदी रही। प्राथमिकता वाले परिवारों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज मिलता है और उनमें यह आंकड़ा 13.4 फीसदी रहा।

इस योजना से सरकार पर कितना आर्थिक बोझ पड़ रहा है

वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र का खाद्य सब्सिडी बिल 2.28 लाख करोड़ रुपये रहा, जो कुल सब्सिडी 4.69 लाख करोड़ रुपये का लगभग आधा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत अक्टूबर 2026 तक करीब 78.63 करोड़ लोग कवर हैं।

जिम्मेदारी किसकी है

कानून के मुताबिक कुल लाभार्थियों की संख्या केंद्र तय करता है, लेकिन परिवारों की पहचान राज्य करते हैं। हर राज्य के नियम अलग हैं, इसलिए रिपोर्ट ने इसे भी गड़बड़ी की एक वजह माना है। रिपोर्ट में आधार सीडिंग, डेटा की नियमित जांच और सूची को समय पर अपडेट करने पर जोर दिया गया है।

Updated on:
23 Nov 2026, 9:30 AM IST
Published on: