कोरोना टीकाकरण में मुंबई ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, मुंबई ने अपनी 100 फीसदी आबादी को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा दी है। वहीं 65 फासदी आबादी को दूसरी डोज मिल चुकी है।
नई दिल्ली। भारत में कोरोना महामारी के खिलाफ 16 जनवरी से शुरू हुआ दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। बीते दिनों 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के बाद भारत 123 करोड़ वैक्सीन लगा चुका है। इसी बीच देश की आर्थिक राजधानी मुंबई ने कोरोना वैक्सीनेशन में एक खास उपलब्धि हासिल की है। आंकड़ों की मानें तो मुंबई ने शनिवार को अपनी 100 फीसदी योग्य आबादी कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दे दी है।
10 महीनों में हासिल की उपलब्धि
बता दें कि भारत में जनवरी मध्य में कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। इसके करीब ने दस महीने में ही मुंबई ने यह उपलब्धि हासिल कर ली है। बता दें कि मुंबई में 18 साल से ज्यादा उम्र की आबादी 9,236,546 है। वहीं आंकड़ों के मुताबिक शनिवार दोपहर तक शहर में 9,239,902 लोगों को वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है।
65 फीसदी आबादी को लगा दूसरा डोज
वहीं अगर मुंबई में कोरोना की दूसरी वैक्सीन पाने वाले लोगों की बात करें तो शहर में अब तक 5,983,452 लोगों को दूसरी खुराक दी जा चुकी है। बता दें कि यह संख्या व्यस्क आबादी का करीब 65 फीसदी है। जानकारी के मुताबिक शहर में सिर्फ 6 केंद्रों के साथ टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। उस दौरान शहर में वैक्सीन की भी काफी कमी थी, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति में सुधार हुआ। शहर में टीकाकरण केंद्र बढ़े और आज यहां पर्याप्त स्टॉक भी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते 9 नवंबर को मंबई ने कोरोना टीकाकरण में एक रिकॉर्ड बनाया था। दरअसल, इस दिन शहर में कोरोना की 10 करोड़ डोज लगाए गए थे। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने ट्वीट कर इसकी जानकारी भी दी थी। अगर भारत में कोरोना टीकाकरण की स्थिति की बात करें तो देश में टीकाकरण के लिए योग्य 80 फीसदी लोग वैक्सीन की पहली डोज ले चुके हैं। वहीं 38 फीसदी लोगों वैक्सीन की दूसरी डोज लग चुकी है।