राष्ट्रीय

नैनीताल के जंगलों में लगी भीषण आग, एयरफोर्स के MI-17 हेलीकॉप्टर से काबू पाने की कोशिश जारी

Nainital Forest Fire: नैनीताल के जंगलों में लगी आग ने भीषण रूप ले लिया। क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ है। वन विभाग के कर्मचारियों के साथ ही सेना के जवान भी आग पर नियंत्रण पाने में लगे हुए हैं और आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद लेने का प्रयास भी किया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2024, 10:48 AM IST
Nainital Forest Fire Air Force MI-17 helicopter and Army soldiers help

Nainital Forest Fire: उत्तराखंड में नैनीताल व आसपास के जंगलों में भीषण आग लगी है। सरकार ने आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स का एमआई-17 हेलीकॉप्टर लगा दिया है। हेलीकॉप्टर ने शनिवार सुबह भीमताल झील से पानी भरा और पाइंस क्षेत्र में आग बुझाई।

 रिहाइशी इलाकों पर खतरा

नैनीताल से लगे पाइंस, भूमियाधार, ज्योलीकोट, नारायणनगर, भवाली, रामगढ़, मुक्तेश्वर आदि के जंगल इन दिनों बुरी तरह से धधक रहे हैं। इस साल बारिश कम होने के कारण सूखे जंगल जगह-जगह जल रहे हैं। दमकल विभाग और वन विभाग आग पर काबू पाने में लगा है। आग इतनी तेज है कि दोनों विभागों के अलावा आर्मी के जवान भी आग पर काबू पाने में जुट गए हैं। 

एसडीएम ने दिया ये बयान

मुख्यमंत्री और प्रशासन के आला अधिकारियों के बीच गहन बातचीत के बाद फैसला लिया गया कि आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की मदद ली जाए। इस मिशन के तहत एयरफोर्स का एमआई-17 हेलीकॉप्टर नैनीताल पहुंचा। सुबह हवा और पानी की व्यवस्था देखने के बाद लगभग 7 बजे हेलीकॉप्टर ने भीमताल झील से बकेट में पानी भरा और मिशन पर निकल गया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि पाइंस से लेकर लड़िया कांटा के जंगलों में आग अनियंत्रित रूप से बढ़ रही है, जिसे बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर को भेजा गया है। बात दें कि इससे पहले भी वर्ष 2019 और 2021 में इसी तरह अनियंत्रित आग पर काबू पाने के लिए एमआई-17 हेलीकॉप्टर बुलाया गया था।

जंगलों की आग हमारे लिए बड़ी चुनौती है- CM पुष्कर सिंह धामी

नैनीताल के जंगलों में लगी आग पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, 'जंगलों की आग हमारे लिए बड़ी चुनौती है। हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं। हमने सेना से भी मदद ली है। जल्द से जल्द इस आग पर काबू पाया जाए, ये हमारा प्रयास रहेगा। हम इस पर काम कर रहे हैं।'

Updated on:
27 Apr 2024, 10:48 AM IST
Published on: