राष्ट्रीय

Nandigram Bypoll: वोटिंग के बीच कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप, बोले- दो दिन से गुंडे सक्रिय, मेरे पोलिंग एजेंट को उठा ले गए

Nandigram Assembly By Election: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंट को उठा लिया गया और धमकी दी गई। उन्होंने चुनाव आयोग को शिकायत करने के बावजूद पर्याप्त प्रतिक्रिया नहीं मिलने का दावा किया।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
Nandigram Bypoll, Milan Pradhan
नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान (फोटो- ANI)

Nandigram Bypoll: पश्चिम बंगाल की दो अहम विधानसभा सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर पर हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। इस बीच नंदीग्राम सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया है कि उनके पोलिंग एजेंट को उठा लिया गया और उन्हें धमकाया गया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से इलाके में गुंडागर्दी चल रही है।

पोलिंग एजेंट को उठाया, जबरन कागजात छीने - कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान

पोलिंग स्टेशन के बाहर मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह एक उपचुनाव है और इसमें हर नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की पूरी आजादी होनी चाहिए। लेकिन पिछले दो दिनों से इलाके में गुंडों को खुली छूट मिली हुई है।

मिलन प्रधान ने कहा, "गुंडे मेरे पोलिंग एजेंट को उठाकर ले गए और उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उसके पास मौजूद जरूरी पेपर्स और दस्तावेज जबरन छीन लिए गए। यह कतई ठीक नहीं है, इसे आजादी की व्यवस्था नहीं कहा जा सकता।"

चुनाव आयोग के कंट्रोल रूम को सूचित किया

जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले के बारे में चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी गई है, तो मिलन प्रधान ने कहा, "हम लगातार चुनाव आयोग के कंट्रोल रूम को पूरी जानकारी दे रहे हैं। अधिकारियों को हर घटना के बारे में बताया गया, फिर भी उनकी ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली है। रात से ही उपद्रवी तांडव कर रहे हैं। अगर चुनाव में यही सब चलता रहा तो निष्पक्ष मतदान कैसे संभव होगा?"

सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी

मंगलवार सुबह 7 बजे नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हुई। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और संवेदनशील बूथों पर निगरानी रखी जा रही है। नंदीग्राम में कुल 323 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 2.67 लाख मतदाताओं के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए नंदीग्राम में केंद्रीय बलों की 37 कंपनियां तैनात की गई हैं।

Updated on:
06 Oct 2026 08:18 am
Published on:
06 Oct 2026 08:10 am