Gangster Manoj Rathi Arrested: दिल्ली एयरपोर्ट से नन्दू गैंग का कुख्यात गैंगस्टर मनोज राठी गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा के मनोज राठी स्पेन से बैठकर दिल्ली-हरियाणा में आपराधिक नेटवर्क चला रहा था।
दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गैंगस्टर कपिल सागवान उर्फ नन्दू गैंग से जुड़े एक कुख्यात अपराधी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार गैंगस्टर की पहचान मनोज राठी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से स्पेन में रहकर भारत में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनोज राठी हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है और वह दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा में हुई कई गंभीर आपराधिक वारदातों में वांछित था। उस पर रंगदारी, हत्या की साजिश और गैंग से जुड़े अन्य संगीन अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
जांच एजेंसियों को काफी समय से मनोज राठी की तलाश थी। विदेश में बैठकर वह नन्दू गैंग के लिए नेटवर्क, फंडिंग और शूटरों को निर्देश दे रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर जैसे ही वह भारत पहुंचा, दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे दबोच लिया गया।
पुलिस अब उससे गैंग के अन्य सदस्यों, विदेशी कनेक्शन और हालिया वारदातों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से नन्दू गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।