राष्ट्रीय

Nashik Family Attack Case: 9 लोगों की हुई पहचान, सभी को लिया हिरासत में’, नासिक मामले में SP ने दी जानकारी

Nashik Viral Video Case: नासिक में पिकनिक मनाने गए परिवार ने महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध किया, जिसके बाद आरोपियों ने 20–30 किमी तक पीछा कर कई जगह हमला किया। पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
2 min read
Jul 14, 2026
Nashik Viral Video Case
नासिक वायरल वीडियो मामला (Patrika Graphic)

Nashik Family Attack: महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भवली डैम पर पिकनिक मनाने गए एक परिवार को महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोप है कि पहले युवकों ने महिला पर अभद्र टिप्पणियां कीं और जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद परिवार का करीब 20 से 30 किलोमीटर तक पीछा किया गया और रास्ते में कई बार उनकी कार रोककर हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित महिला के मुताबिक, 12 जुलाई को वह अपने परिवार के सात लोगों के साथ नासिक के भवली डैम घूमने गई थीं। इसी दौरान करीब 20 से 25 साल के दो युवक उनके पास आए और कथित तौर पर अशोभनीय टिप्पणियां करने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया और दोनों को डांटा, तो कहासुनी शुरू हो गई। कुछ देर बाद महिला के पति और देवर मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी युवकों से बात की। मामला शांत होता दिखा और परिवार वहां से निकल गया, लेकिन मामला वहीं खत्म नहीं हुआ।

पुलिस ने 9 आरोपियों को लिया हिरासत में

नासिक (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक धोंडोपंत स्वामी ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की। उन्होंने कहा कि शुरुआती एफआईआर में कुछ आरोपियों के नाम थे, लेकिन जांच के दौरान उन लोगों की भी पहचान की गई जिन्होंने आरोपियों की मदद की। अब तक 9 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है और मामले की जांच जारी है।

गांव से बुलाए 8-10 लोग

महिला का आरोप है कि थोड़ी देर बाद उन दोनों युवकों ने अपने गांव से 8 से 10 लोगों को बुला लिया। सभी ने मिलकर परिवार के साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। परिवार किसी तरह वहां से अपनी कार में बैठकर नासिक के लिए निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

लोहे की रॉड से किया हमला

पीड़िता के पति ने बताया कि टोल प्लाजा पार करने के बाद एक कार उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़ी हो गई। उसमें सवार लोग लोहे की रॉड लेकर बाहर निकले और हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जान बचाने के लिए उन्हें टोल प्लाजा की बैरिकेडिंग तोड़कर निकलना पड़ा। इसके बाद भी हमलावरों ने अलग-अलग जगहों पर उनकी कार रोककर हमला किया। परिवार का दावा है कि पूरे रास्ते करीब 5 से 6 बार उन पर हमला किया गया। रास्ते में उन्होंने कई लोगों से मदद मांगी, लेकिन किसी तरह बचते-बचाते वे सीधे नासिक के एक पुलिस थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

Updated on:
14 Jul 2026 04:26 pm
Published on:
14 Jul 2026 04:01 pm