राष्ट्रीय

जब पंजाब चुनाव से पहले नवजोत कौर सिद्धू ने छोड़ दी थी BJP, अब इलेक्शन से पहले कांग्रेस छोड़ी

नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को "सबसे भयानक, अक्षम और भ्रष्ट" बताया।

2 min read
Feb 01, 2026
नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर। (Photo: IANS)

पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कुछ समय पहले उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्हें सबसे भयानक, अक्षम और भ्रष्ट अध्यक्ष बताया था।

नवजोत कौर सिद्धू ने अपने एक्स पोस्ट में वडिंग पर आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा- वडिंग तुमने कांग्रेस को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री के साथ मिलकर खुद को जेल जाने से बचाया।

ये भी पढ़ें

‘500 करोड़ में CM की कुर्सी’ वाले बयान पर बवाल, Navjot Kaur Sidhu ने अब कहा- ‘हमारी कांग्रेस पार्टी ने कभी भी हमसे नहीं मांगे पैसे’

सिद्धू ने इस्तीफा के साथ क्या कहा?

सिद्धू ने आगे लिखा- तुमने AAP के साथ मिलकर छोटे-मोटे फायदे के लिए पार्टी को बेच दिया है। तुमने मेरे लिए सस्पेंशन लेटर तैयार रखा था, लेकिन उन करीब 12 सीनियर कांग्रेस नेताओं का क्या जो नवजोत को नुकसान पहुंचाने के लिए मजीठिया के साथ काम करने में बिजी थे? और तुमने नवजोत को हराने के लिए उन सभी को बड़ी पोस्ट से नवाजा।

साजिश का लगाया आरोप

इसके अलावा, सिद्धू ने अपने खिलाफ साजिश का आरोप लगाया और कहा- मेरे पास तुम्हें खत्म करने के लिए काफी सबूत हैं, लेकिन मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है क्योंकि मैंने खुद कांग्रेस छोड़ दी है, जहां किसी भी होनहार नेता की बात नहीं सुनी जाती।

उन्होंने कहा लिखा- तुमने मेरी सीट को हराने के इरादे से मेरी सीट पर लोग बिठाए। आशु, चन्नी, भट्टल जी और कई अन्य सीनियर नेताओं के खिलाफ तुम्हारी कार्रवाई कहां है जिन्होंने खुलेआम तुम्हें और तुम्हारी पार्टी को चुनौती दी है? तुम बस एक मजाक बनकर रह गए हो और लोग तुम्हारी रील्स का मजा ले रहे हैं।

सिद्धू ने पोस्ट में यह भी कहा कि उन कांग्रेस नेताओं का अपमान करना बंद करो जो नवजोत से प्यार करते हैं। तुम पार्टी को जिताने के बजाय उसे खत्म करने में ज्यादा बिजी हो। अपनी ही पार्टी के प्रति ईमानदार न होने पर तुम्हें शर्म आनी चाहिए, जो तुम्हारी मातृ पार्टी है। तुमने काफी नुकसान किया है।

दिसंबर में नवजोत कौर को कर दिया गया था सस्पेंड

दिसंबर 2025 में, नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस से सस्पेंड कर दिया गया था। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ कई सार्वजनिक आरोप लगाए थे, मुख्यमंत्री पद हासिल करने के लिए कथित तौर पर 500 करोड़ रुपये के ऑफर पर उनकी टिप्पणियों के कुछ दिनों बाद पार्टी के भीतर राजनीतिक उथल-पुथल मच गई थी।

भाजपा से क्यों दिया था इस्तीफा?

बता दें कि कांग्रेस से पहले नवजोत कौर सिद्धू भाजपा में थीं। वह अमृतसर ईस्ट से 2012 में भाजपा की टिकट पर विधायक चुनी गई थीं। 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सितंबर 2016 में उन्होंने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था।

नवजोत कौर ने इस्तीफा देते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी तानाशाही चला रही है, उन्हें अपने क्षेत्र के विकास कार्यों में काम करने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने फेसबुक पर इस्तीफा घोषित किया और कहा कि पार्टी में उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही।

इस्तीफे के बाद उन्होंने नवंबर, 2016 में कांग्रेस जॉइन की। 2017 में उनकी जगह उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू को अमृतसर ईस्ट सीट से कांग्रेस ने टिकट दिया। जिसमें उन्होंने प्रचंड जीत दर्ज की। इसके बाद, 2022 में इस सीट पर नवजोत सिंह सिद्धू को हार का सामना करना पड़ा।

Also Read
View All

अगली खबर