राष्ट्रीय

INDIA गठबंधन की बैठक में पहुंचेगी शरद पवार की पार्टी, लेकिन परिसीमन बिल पर दिया समर्थन

Supriya Sule: शरद पवार की पार्टी NCP ने परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। हालांकि पार्टी ने जानकारी दी है कि वह INDIA गठबंधन की बैठक में भी शामिल होगी।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 8:06 PM IST
Sharad Pawar Party Stand
NCP की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले (Photo-IANS)

Delimitation Bill 2026: परिसीमन बिल को लेकर INDIA गठबंधन की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। गठबंधन में शामिल शरद पवार की पार्टी NCP ने इस पर अपना समर्थन देने की बात कही है। इसके साथ ही पार्टी के नेता जितेंद्र आव्हाड ने जानकारी दी है कि उनकी पार्टी कल होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में भी शामिल होगी।

INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होगी पार्टी

मुंबई में NCP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि उनकी पार्टी INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होगी।यह बैठक कैबिनेट में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्षी दलों के बीच चर्चा के लिए बुलाई गई है। आव्हाड ने स्पष्ट कहा कि पार्टी बैठक से दूरी नहीं बनाएगी।

शरद पवार ने दी है समर्थन की इजाजत

शरद पवार की NCP ने परिसीमन पर अपना समर्थन घोषित कर दिया है। पार्टी के नेता जितेंद्र आव्हाड ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला शरद पवार से मुलाकात के बाद लिया गया है। अभी शरद पवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। जितेंद्र ने यह भी कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, परिसीमन किया जाना चाहिए ऐसे में सुप्रीया सुले और पार्टी ने यह फैसला किया है।

सोमवार को दिल्ली जाएंगी सुप्रिया सुले

NCP की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर बताया कि उनके पिता शरद पवार अभी अस्पताल में हैं। इस वजह से वह मुंबई में ही रहेंगी और गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होगी। लेकिन संसद के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए सोमवार सुबह दिल्ली जाएंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी कोई अलग गुट नहीं, बल्कि एक पार्टी है।

सुप्रिया सुले ने कही थी बिल पढ़ने की बात

इससे पहले सुप्रिया सुले ने कहा था कि उन्होंने अभी तक परिसीमन विधेयक नहीं देखा है। ऐसे में वह पार्टी का रुख कैसे बता सकती हैं। उन्होंने कहा कि संसद के विशेष सत्र की घोषणा हुई है, लेकिन उन्हें अभी एजेंडा नहीं मिला है। पार्टी में अनुशासन के तहत वरिष्ठ नेता अमोल कोल्हे सांसदों के लिए व्हिप जारी करते हैं। हालांकि अब शरद पवार से जितेंद्र की मुलाकात के बाद पार्टी का रुख सामने आ गया है।

Updated on:
27 Nov 2026, 8:06 PM IST
Published on: