27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / वडोदरा के पास एके-47 के साथ जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, निशाने पर था एयरफोर्स स्टेशन, 14 दिन की रिमांड मंजूर

वडोदरा के पास एके-47 के साथ जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, निशाने पर था एयरफोर्स स्टेशन, 14 दिन की रिमांड मंजूर

Jaish-e-Mohammed: गुजरात एटीएस ने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश रचने के आरोप में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस मिले हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

Rakesh Mishra

•

Updated: 27 Nov 2026, 6:49 PM IST

gujrat ATS

गुजरात एटीएस की गिरफ्त में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी। फोटो- पत्रिका

Gujarat ATS: गुजरात में आतंकी हमले की साजिश रच रहे जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गुजरात एटीएस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी वडोदरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर हमला करने के इरादे से आया था। उसके पास से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस मिले हैं। जांच में सामने आया है कि वह पिछले एक साल से पाकिस्तान में बैठे जैश के हैंडलर के संपर्क में था। आरोपी के मोबाइल में एयरफोर्स स्टेशन की रेकी के फोटो और वीडियो भी मिले हैं।

असम के करीमगंज जिले का रहने वाला

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन के रूप में हुई है। वह असम के करीमगंज जिले का रहने वाला है। गुजरात एटीएस के डीवाईएसपी को उसके बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद एटीएस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुट गईं। जांच में पता चला कि आरोपी वडोदरा के सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। एटीएस की टीम होटल पहुंची तो वह बिना चेकआउट किए वहां से निकल चुका था। होटल से मिली जानकारी के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई। पता चला कि वह दाहोद से वापस वडोदरा आ रहा है। इस पर एटीएस ने हालोल-वडोदरा हाईवे पर गोल्डन चौकड़ी के पास नाकाबंदी कर उसे पकड़ लिया।

एयरफोर्स स्टेशन के गेट की कर चुका था रेकी

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी असम से ट्रेन में बैठकर भोपाल पहुंचा था। वहां से बस के जरिए वडोदरा आया। पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर उसने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन के गेट की रेकी की थी। इसके बाद वह हथियार लेने दाहोद गया था। उसके पास से एक एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद हुए हैं।

मोबाइल में मिले रेकी के फोटो और हथियार चलाने के वीडियो

एटीएस ने आरोपी का मोबाइल फोन जांचा तो वॉट्सऐप और गैलरी में कई अहम जानकारियां मिलीं। मोबाइल में एयरफोर्स स्टेशन के गेट के फोटो और वीडियो मिले हैं। इसके अलावा एके-47 जैसी स्वचालित असॉल्ट राइफल चलाने की ट्रेनिंग से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। जांच एजेंसी को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में होने के सबूत भी मिले हैं। आरोप है कि हैंडलर ने नया मोबाइल खरीदने के लिए उसे 50 हजार रुपए नकद दिए थे। एटीएस के अनुसार आरोपी हमले के बाद पाकिस्तान जाने और जैश-ए-मोहम्मद के संगठन में शामिल होने की योजना बना रहा था।

कोर्ट ने 14 दिन की रिमांड मंजूर की

गुजरात एटीएस ने आरोपी को वाघोडिया कोर्ट में पेश कर 14 दिन की रिमांड मांगी थी। सुनवाई के दौरान शुरुआत में वकीलों ने आरोपी की ओर से पैरवी करने से इनकार कर दिया। बाद में समझाइश के बाद एक वकील पैरवी के लिए तैयार हुए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की रिमांड पर सौंप दिया। एटीएस की टीमें मामले की आगे जांच कर रही हैं। जिस स्थान पर आरोपी को पकड़ा गया, उस होटल और असम के करीमगंज जिले में उसके घर पर भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं। जांच में और खुलासे होने की संभावना है।