राष्ट्रीय

भारत दौरे पर नेपाल के PM बालेन्द्र शाह, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात; कई अहम समझौतों पर लग सकती है मुहर

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात होगी। इस दौरान ऊर्जा, रेलवे, कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा और समझौतों की उम्मीद है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 7:33 AM IST
Nepal PM Balendra Shah India Visit
नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से की मुलाकात (Photo-IANS)

Nepal PM Balendra Shah India Visit: नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह रविवार को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। दरअसल, बालेंद्र शाह के इस दौरे को भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों देश ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों को अंतिम रूप देने की तैयारी में हैं।

विदेश मंत्री से की मुलाकात 

नई दिल्ली पहुंचने पर नेपाली पीएम बालेंद्र शाह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को बेहद महत्व देता है।

नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान कनेक्टिविटी, व्यापार, पारगमन, वाणिज्य, ऊर्जा, संस्कृति, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।

आज नरेंद्र मोदी से होगी मुलाकात

बता दें कि प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। इसे भारत और नेपाल के रिश्ते के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सोमवार को बालेंद्र शाह और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बैठक होगी। 

इस बैठक में दोनों देशों के बीच भविष्य के संबंधों की रूपरेखा तय करने के साथ सहयोग के नए रास्तों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

भारत-नेपाल के बीच कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह संयुक्त रूप से भारत की मदद से पूरी हुई कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन कर सकते हैं। इसके अलावा नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।

इस यात्रा के दौरान विकास सहयोग, जलविद्युत, रेलवे, कनेक्टिविटी, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे और तकनीक से जुड़े कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क शुरू करने की योजना का भी ऐलान हो सकता है।

मोदी- बालेंद्र शाह की बैठक में इन मुद्दों पर रहेगा फोकस

भारत और नेपाल के बीच आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और तकनीक के इस्तेमाल को लेकर कई समान प्राथमिकताएं हैं। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटना भी दोनों देशों के एजेंडे में शामिल है।

भारत ने दोनों देशों के दीर्घकालिक संबंधों को मजबूत करने के लिए साझा विजन का प्रस्ताव रखा है। वहीं, नेपाल ने करीब 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग की है। इसमें 1 अरब डॉलर की अनुदान सहायता भी शामिल है।

इसके अलावा नेपाल ने अगस्त में भोटे कोशी इलाके में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए भी भारत से आर्थिक मदद मांगी है। ऐसे में मोदी और शाह की मुलाकात से दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरुआत होने और आर्थिक-सामरिक सहयोग को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
23 Nov 2026, 7:33 AM IST
Published on: