
नई दिल्ली। नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को इन दिनों गाड़ी के इंश्योरेंस की समय सीमा खत्म होने से जुड़े SMS मिल रहे हैं। इन एसएमएस को लेकर वाहन मालिकों के बीच चालान और जुर्माने की आशंका पैदा हो गई थी। अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। प्राधिकरण ने कहा है कि ये एसएमएस केवल जागरूकता के उद्देश्य से भेजे जा रहे हैं। इनका टोल प्लाजा पर किसी तरह की कार्रवाई, चालान या जुर्माने से कोई संबंध नहीं है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी बयान के मुताबिक, कुछ वाहन चालकों को भेजे जा रहे ये एसएमएस जन जागरूकता अभियान के परीक्षण का हिस्सा हैं। इनका मकसद वाहन मालिकों को उनकी मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी की समाप्ति डेट याद दिलाना है, ताकि वे समय रहते बीमा का नवीनीकरण करा सकें।
एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि इन संदेशों के आधार पर टोल प्लाजा पर चालान जारी करने या जुर्माना लगाने का कोई प्रावधान नहीं है। यह व्यवस्था किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से जुड़ी नहीं है। प्राधिकरण ने वाहन चालकों को आश्वस्त किया है कि इन एसएमएस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। प्राधिकरण के अनुसार, इन संदेशों का उद्देश्य वाहन मालिकों को समय पर मोटर इंश्योरेंस रिन्यू कराने के लिए प्रेरित करना है, ताकि उनके वाहनों का बीमा लगातार प्रभावी बना रहे।
मंत्रालय के मुताबिक, वाहन बीमा की अनिवार्यता से जुड़े नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह रिमाइंडर सिस्टम तैयार किया जा रहा है। पॉलिसी की अवधि खत्म होने से पहले SMS भेजने से वाहन मालिकों को समय रहते बीमा रिन्यू कराने का मौका मिलेगा। यह पहल राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने और वाहन चालकों को जिम्मेदार व्यवहार के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिशों का हिस्सा है।
इस बीच, भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने नवंबर में मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी के लिए चार स्तरीय नया ढांचा पेश किया है। यह व्यवस्था निजी कारों और दोपहिया वाहनों के बीमा पर लागू होगी और 15 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी। IRDAI के अनुसार, ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक बीमा कवर चुन सकेंगे। इसका उद्देश्य पॉलिसी के अलग-अलग हिस्सों को स्पष्ट रूप से विभाजित कर ग्राहकों को अधिक विकल्प देना और बीमा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना है।