
नीलगिरि जिले के सेगूर क्षेत्र के कोल्लट्टी पट्टी भूतनाथम गांव में शोधकर्ताओं की एक टीम ने विजयनगर काल की दो दुर्लभ वीरगाथा शिलाओं (हीरो स्टोन्स) की खोज की है। यह स्थल मासिनगुडी से लगभग 10 किलोमीटर दूर मोयार नदी के निकट स्थित है। विशेषज्ञों के अनुसार, डोलमेन शैली की ये संरचनाएं 15वीं अथवा 16वीं सदी की हैं।
इनमें खड़े पत्थरों पर एक चपटी शिला छत के रूप में स्थापित की गई है। धर्मपुरी स्थित गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज के इतिहास विभाग के प्रोफेसर डॉ. सी. चंद्रशेखर के नेतृत्व में किए इस अध्ययन का उद्देश्य आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेजीकरण और संरक्षण करना है।
पहली वीरगाथा शिला तीन खंडों में विभाजित है, जिसमें एक योद्धा की वीरगति और उसकी परलोक यात्रा को दर्शाया गया है। शिला के निचले भाग में योद्धा को भाले से घोड़े पर वार करते हुए दिखाया गया है। उसके सिर पर दाईं ओर झुड़ा, लंबे कानों में बालियां तथा कमर में छोटी तलवार अथवा कटार अंकित है। ऐसे स्मारकों को ‘कुथिरै कूथी पट्टन’ की श्रेणी में रखा है, जो घोड़े पर हमला करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले योद्धाओं की स्मृति में बनाए जाते थे।
दूसरी शिला में भाले को घोड़े की गर्दन को आर-पार भेदते हुए दर्शाया गया है, जो योद्धा की असाधारण शक्ति और पराक्रम का प्रतीक माना गया है। मध्य भाग में दो स्वर्गिक अप्सराएं, जिन्हें ‘देव कन्नी’ कहा जाता है, योद्धा को ‘वीर स्वर्ग’ ले जाती हुई दिखाई गई हैं। शीर्ष भाग में उसे दिव्यता के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, स्मारक के ऊपर बनी मीनार जैसी आकृति संभवतः किसी आदिवासी अथवा कबीलाई प्रमुख की स्मृति का संकेत देती है।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि अतीत में टीपू सुल्तान की सेना इसी क्षेत्र से होकर गुजरती थी, जिससे यह इलाका कई ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा हो सकता है। शोध दल में वी. मथिमरन, सी. एलंधिरायण, पी. तिरुपति, वी. सीनन और रमेश भी शामिल थे।