राष्ट्रीय

‘सुसाइड नहीं, दरोगा की मिलीभगत से हुई हत्या’, निशा भगत की मां का आरोप; अब CBI करेगी जांच

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में CBI जांच का आदेश दिया है। निशा के माता-पिता ने इसे न्याय की दिशा में कदम बताते हुए उनकी मौत के पीछे साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 11:12 AM IST
Nisha Bhagat Death Case
निशा भगत (फोटो - X@sitasoren)

Nisha Bhagat Death Case: झारखंड की एक प्रमुख आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और नेता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। उनके परिवार, आदिवासी संगठनों और आम जनता की लगातार मांग को देखते हुए, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले के बाद शोक संतप्त परिवार ने उम्मीद जताई है कि अब मामले की निष्पक्ष जांच होगी और साजिश रचने वालों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

दरोगा पर मिलीभगत का आरोप

CBI जांच का आदेश आने के बाद निशा भगत की मां देविका भगत फूट-फूट कर रो पड़ीं। उन्होंने इस घटना को साफ तौर पर सोची-समझी हत्या करार दिया और पुलिस पर सवाल उठाए। देविका भगत ने कहा, "हमको राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों से उम्मीद है कि हमें न्याय मिले। मेरी बेटी के साथ जो कुछ भी हुआ, वह एक गहरी साजिश के तहत हुआ है। निशा हमें हर रोज सुबह-शाम फोन करती थी, उसका सारा खर्च हम ही उठाते थे। उस दिन उसने फोन क्यों नहीं किया?"

देविका भगत ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा, "जब दरोगा को सूचित किया गया था, तो वह मौके पर क्यों नहीं गया? पहले भी जब केस हुआ था, तब भी थाना प्रभारी ने शिकायत दर्ज करने में आनाकानी की थी। हर जगह थाना प्रभारी गड़बड़ी करते थे। हमको पूरा यकीन है कि यह सब दरोगा की मिलीभगत से हुआ है।"

आत्महत्या नहीं, हत्या है - निशा भगत की मां

निशा की मौत के बारे में देविका भगत ने कहा, "यह आत्महत्या नहीं है, यह एक सोची-समझी साजिश थी। अगर उसे अपनी जान लेनी होती, तो वह हमें जरूर बताती। जब वह छत्तीसगढ़ जाने वाली थी, तो उससे ठीक पहले उसे धमकियां दी जा रही थीं कि उसकी वहां जाने की हिम्मत कैसे हुई और वह वहां क्या करने वाली है। धमकी किसने दी, यह सब उसके मोबाइल में होगा। इसलिए इसकी हर स्तर पर कड़ी जांच होनी चाहिए। हमें भरोसा है कि सीबीआई जांच में साजिश रचने वाले सभी लोग पकड़े जाएंगे।"

क्या बोले पिता

CBI जांच के आदेश के बाद निशा भगत के पिता ने इस पूरे मामले पर कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि जिन लोगों ने निशा को इस हालत तक पहुंचाया, जिन्होंने साजिश रची, जिन्होंने सोशल मीडिया पर उसे ट्रोल किया और जो उसकी हत्या में शामिल थे, वे अब कानून से नहीं बच पाएंगे। उन्होंने उसकी हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे से लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या लगे।"

उन्होंने आगे कहा, "हमें पूरा यकीन है कि अजय तिर्की जैसे भू-माफियाओं ने एक सोची-समझी साजिश के तहत निशा की जान ली है। जनता लगातार इस जांच की मांग कर रही थी, जिसे आखिरकार सरकार ने मान लिया है। अब CBI की जांच से सच सामने आएगा और निशा की आत्मा को शांति मिलेगी।"

Updated on:
11 Nov 2026, 11:12 AM IST
Published on: