
झारखंड (Jharkhand) में आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत (Nisha Bhagat) की मौत की जांच अब सीबीआई (CBI) ने संभाल ली है। झारखंड सरकार की अधिसूचना के बाद केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला लिया। इसके साथ ही सीबीआई ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।
निशा के पिता हांडू भगत (Handu Bhagat) की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। निशा के पिता ने दोनों पर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ पिठोरिया थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
निशा झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता और सरना संस्कृति की सक्रिय आवाज थी। गुमला जिले की रहने वाली 38-वर्षीय निशा आदिवासियों के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन, सरना धर्म के लिए आवाज़ उठाती थी और साथ ही भूमि माफिया के खिलाफ भी बोलने से पीछे नहीं रहती थी। 2024 में निशा ने गुमला सीट से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं मिली थी। बाद में निशा ने पार्टी छोड़ दी थी। निशा सेंट्रल सरना कमेटी की महिला अध्यक्ष भी रही थी।
6 नवंबर 2026 को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से निशा ने करीब 10-11 मिनट का फेसबुक लाइव किया। वीडियो में वह काफी परेशान दिख रही थी। उसने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार, भूमि दलालों और पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। निशा ने यह भी कहा कि सरकार की कमियों को उजागर करने की कीमत उसे चुकानी पड़ रही है। उसने सुरक्षा के लिए प्रशासन से संपर्क भी किया लेकिन कोई मदद नहीं मिली। फेसबुक लाइव के दौरान निशा ने पिठोरिया थाने के प्रभारी को फोन कर अपनी स्थिति बताई। इसके बाद निशा ने आत्महत्या कर ली। निशा के आत्महत्या करने पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और आरोपियों को सख्त सज़ा देने की भी मांग उठाई जा रही है। निशा के परिवार का आरोप है कि उसने अपने मन से आत्महत्या नहीं की, बल्कि एक साजिश के तहत उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया।