
Nishikant Dubey Rahul Gandhi : देवघर। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एलन मस्क और राहुल गांधी के बीच सोशल मीडिया मंच एक्स पर हुई बयानबाजी को लेकर कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत के उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी को नकारात्मक नजरिए से देखते हैं, जबकि अमरीकी कारोबारियों का समर्थन करते हैं। दुबे ने सवाल किया कि अगर राहुल गांधी उद्योगपतियों का विरोध करते हैं, तो उन्हें सभी उद्योगपतियों का विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग का समर्थन करने की क्या जरूरत है?
निशिकांत दुबे ने कहा कि अंबानी और अडानी भारत में कमाई करते हैं और अपना पैसा देश में ही रखते हैं, इसके बावजूद राहुल गांधी उनके प्रति नकारात्मक रुख रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अमरीका के इशारे पर काम कर रहे हैं और इसी वजह से अमरीकी कारोबारियों के प्रति उनका रवैया अलग है। दुबे ने कहा कि यदि राहुल गांधी उद्योगपतियों का विरोध करना चाहते हैं, तो उन्हें अंबानी, अडानी, टाटा, बिड़ला और जिंदल सहित सभी उद्योगपतियों का विरोध करना चाहिए। फिर एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग का समर्थन क्यों किया जा रहा है?
भाजपा सांसद ने स्टारलिंक को भारत में सुविधाएं या अनुमति नहीं मिलने के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष हैं और उन्होंने इस विषय पर एक्स पर पोस्ट भी किया है। भारत सरकार की ओर से स्टारलिंक को अब तक अनुमति नहीं दिए जाने के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने इस संबंध में चिंताएं जताई हैं।
निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय की ओर से उठाई गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए राहुल गांधी ऐसा रुख अपना रहे हैं, जिससे इन मुद्दों को दरकिनार किया जा रहा है। दुबे ने यह बात सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष के रूप में अपने बयान में कही।