
Mahatma Gandhi Assassination Kapur Commission: भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने X पर "कांग्रेस का काला अध्याय" सीरीज के चैप्टर 253 में पूछा है कि क्या गांधी जी की हत्या नेहरू की जानकारी में हुई। सवाल बड़ा है, इसलिए हमने पोस्ट के साथ लगे कपूर आयोग रिपोर्ट के पन्नों को खंगाला। संसदीय रिकॉर्ड से मिलान करने पर साफ हुआ कि दस्तावेजों में लापरवाही के सबूत खूब हैं, पर पंडित जवाहर लाल नेहरू की सीधी भूमिका का सबूत नहीं मिलता।
निशिकांत दुबे की पोस्ट के अनुसार 24 नवंबर 1964 को पुणे में केतकर ने सनसनीखेज खुलासा किया। संसदीय रिकॉर्ड कुछ और बताते हैं। यह बात 12 नवंबर को गोपाल गोडसे और विष्णु करकरे की रिहाई पर हुए कार्यक्रम में कही गई थी और 15 नवंबर को दोहराई गई। 24 नवंबर वह तारीख है, जब पुणे के जिला मजिस्ट्रेट ने उनकी हिरासत का आदेश दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक केतकर इससे पहले 23 नवंबर को मद्रास चले गए, 25 नवंबर को वहां पुलिस आयुक्त के सामने पेश हुए और रेल से वापस लाए जाने के दौरान महाराष्ट्र की सीमा में आधी रात को उन्हें आदेश थमाया गया।
केतकर का दावा था कि उन्होंने नाथूराम गोडसे को रोकने की कोशिश की थी और बात बॉम्बे के तत्कालीन मुख्यमंत्री बी.जी. खेर तक पहुंचाई थी। रिपोर्ट के अनुसार खुद उनके बयान भी अलग-अलग अखबारों में अलग तरह से छपे थे। संसद में इसी पर ध्यानाकर्षण आया और सरकार ने जांच का वादा किया।
डॉ. निशिकांत दुबे की पोस्ट का सार यह है कि बम धमाके के बाद मिली चेतावनी नेहरू तक पहुंची, पर कार्रवाई नहीं हुई और गांधी जी की सुरक्षा और घटा दी गई। अंत में उन्होंने पूछा कि क्या देश को नेहरू-गांधी परिवार की भूमिका की जानकारी दी जानी चाहिए। पोस्ट के साथ लगे चार स्क्रीनशॉट कपूर आयोग की रिपोर्ट से लिए गए हैं।
स्क्रीनशॉट में प्रधानमंत्री ने बस दस्तखत किए वाली पंक्ति नागरवाला के जिस स्पष्टीकरण की फाइल की है, वह 25 मार्च 1949 के पत्र के साथ भेजा गया था। यानी वह हत्या के काफी बाद की सरकारी कार्यवाही है, हत्या से पहले की चेतावनी नहीं।
पोस्ट में मोरारजी देसाई को मुख्यमंत्री लिखा गया है, जबकि उस वक्त बॉम्बे के गृह मंत्री वही थे और मुख्यमंत्री बी.जी. खेर थे। रिपोर्ट के 1977 तक सार्वजनिक न होने की बात भी सही नहीं बैठती, क्योंकि गृह मंत्रालय ने इसे 1970 में छापा था।
आयोग ने सुरक्षा में लापरवाही पर तीखी टिप्पणी की। केंद्रीय सूचना आयोग ने 2017 में जस्टिस कपूर के निष्कर्ष का हवाला दिया कि तथ्य सावरकर और उनके समूह की साजिश की ओर इशारा करते हैं। सावरकर को अदालत ने बरी किया था, और सुप्रीम कोर्ट 2018 में कह चुका है कि आयोग की रिपोर्ट अदालती फैसला नहीं होती।
फैक्ट चेक : साझा किए गए दस्तावेजों में पंडित जवाहर लाल नेहरू को पहले से जानकारी होने या सुरक्षा घटाने का सीधा सबूत नहीं मिला।
·