राष्ट्रीय

बंगाल को नितिन गडकरी की बड़ी सौगात, 1 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं का ऐलान; जानें क्या-क्या बनेगा

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। गडकरी ने कहा कि मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो सिर्फ घोषणा करके चले जाते हैं। मैं जो भी वादा कर रहा हूं, उसे मैं पूरा करूंगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 5:25 PM IST
Nitin Gadkari-Suvendu Adhikari
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी (Photo/X@cmowbgov)

कोलकाता। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के लिए एक लाख करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने राज्य में संपर्क व्यवस्था में सुधार के लिए धरातल पर उतारी जा रही 35 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं के अतिरिक्त, एक लाख करोड़ रुपए की सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि राज्य में केंद्र की लगभग 40 हजार करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। कोलकाता में गडकरी ने 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड बनाने की घोषणा की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 14 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है

उन्होंने कहा कि फिलहाल लगभग 35,000 करोड़ रुपए की लागत से करीब 450 किलोमीटर की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। गडकरी ने कहा, मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो सिर्फ घोषणा करके चले जाते हैं। मैं जो भी वादा कर रहा हूं, उसे मैं पूरा करूंगा। उन्होंने कहा कि 2014 में आपके आशीर्वाद से इस देश में एक बदलाव आया। नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने और देश को एक नई दृष्टि मिली। अब यह डबल-इंजन की ट्रेन इतनी तेज़ी से चलेगी कि पश्चिम बंगाल को एक विकसित राज्य में बदल देगी।

5 वर्ष में बंगाल का सड़क बुनियादी ढांचा अमरीका जैसा होगा

गडकरी ने मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी को राज्य के सड़क बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वित्तीय सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि पैसों की चिंता मत कीजिए। आप परियोजनाएं मांगते-मांगते थक जाएंगे, लेकिन मैं धन देते-देते नहीं थकूंगा।

गडकरी ने कई अन्य परियोजनाओं की भी घोषणा की, जिनमें 26,000 करोड़ रुपए की लागत वाला चार-लेन सिलीगुड़ी-गुवाहाटी कॉरिडोर, 6,000 करोड़ रुपए की लागत वाला सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग कॉरिडोर और 14,000 करोड़ रुपए की कोलकाता रिंग रोड परियोजना शामिल है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगले 5 वर्ष में बंगाल का सड़क बुनियादी ढांचा अमरीका जैसा होगा। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास आर्थिक प्रगति के केंद्र में है, क्योंकि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों, व्यापार, कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही पूंजी निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

8,700 करोड़ की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने 8,700 करोड़ रुपए की लागत वाली 22 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल में सड़क बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कोलकाता के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा, हमने मुंबई और दिल्ली का विकास किया है, अब कोलकाता का विकास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि घोषित परियोजनाएं व्यापक विकास योजना का हिस्सा हैं और आने वाले समय में शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए और कदम उठाए जाएंगे।