
BJP: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को अपनी गलतियों से सीखने की नसीहत देते हुए कहा कि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो आने वाले दिनों में देश में कांग्रेस का नाम लेने वाला भी कोई नहीं बचेगा। नितिन नवीन ने कहा कि कोलकाता में उन्हें कहीं भी अराजकता नजर नहीं आई। उन्होंने दावा किया कि 4 मई को ही पश्चिम बंगाल की जनता ने अराजकता को खत्म कर दिया था और ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर कर दिया था। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब 'बीजेपीमय' हो गया है।
बीजेपी अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के एजेंडे के मुताबिक काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अपनी गलतियों से सीखने के बजाय राहुल गांधी विदेशी ताकतों के टूलकिट की तरह काम कर रहे हैं। नितिन नवीन ने अपने आरोपों के समर्थन में बांग्लादेश और नेपाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब बांग्लादेश में अशांति हुई तो राहुल गांधी ने कथित तौर पर अशांति फैलाने वाले तत्वों के प्रति सहानुभूति दिखाई। नेपाल में भी ऐसी स्थिति बनने पर उन्होंने इसी तरह का रुख अपनाया। बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ऐसे तत्वों के प्रति सहानुभूति रखते हैं।
इससे पहले हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि विपक्ष का दावा है कि बीजेपी की जीत सिर्फ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की वजह से हुई है। शाह ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि क्या नरेंद्र मोदी 2014 में SIR के कारण प्रधानमंत्री बने थे? क्या उस समय SIR हुआ था? उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि तब भी SIR नहीं हुआ था, फिर भी नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बने। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी की जीत SIR की वजह से नहीं, बल्कि देश की जनता के वोटों से हुई है।