उत्तर भारत में शीतलहर का कहर! दिल्ली-पंजाब के लिए रेड अलर्ट जारी और राजस्थान में पारा शून्य से नीचे गिरा। जानें मौसम विभाग (IMD) के अनुसार कब छंटेगा कोहरा और किस तारीख से मिलेगी कड़ाके की ठंड से राहत। पूरी जानकारी यहां पढ़ें।
Cold Wave North India: उत्तर भारत के कई राज्यों में शीत लहर के असर से सर्दी और तीखी हो गई है। कई राज्यों में गंभीर शीत दिवस की स्थिति बन गई। राजधानी दिल्ली समेत राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, कच्छ, सौराष्ट्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कई जगह तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ इलाके पहले भीषण ठंड की चपेट में हैं। मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पंजाब के बठिंडा में 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 18 जनवरी तक उत्तर भारत के राज्यों में तेज शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। सुबह के समय घना कोहरा (दृश्यता 50 मीटर से कम) छाए रहने की आशंका है। इससे सडक़, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। इसके बाद राहत मिलने लगेगी।
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर एवं सीकर व चुरू के कई क्षेत्रों में पारा माइनस पर दर्ज किया गया है। रात के समय यहां पारा जमाव बिन्दु पर आ गया है। गंभीर शीतलहर और घने कोहरे के कारण कई जगहों पर न केवल फसलें पाले की चपेट में आ रही है बल्कि आम जनजीवन व पशुपालन पर प्रभाव पड़ रहा है।