
Petrol-Diesel Prices: देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी (Nyara Energy) ने अपने कस्टमर्स को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 3 रुपये प्रति लीटर कम कर दी है। नई दरें आज (बुधवार) से देशभर में नायरा एनर्जी के 7,000 से अधिक फ्यूल स्टेशनों पर लागू हो गई हैं। यह पिछले दो सालों से अधिक समय में किसी भी ईंधन रिटेलर द्वारा की गई पहली बड़ी मूल्य कटौती मानी जा रही है।
कंपनी के अनुसार, देशभर में उसके 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में VAT (वैल्यू एडेड टैक्स) और अन्य स्थानीय करों के कारण पेट्रोल और डीजल की अंतिम खुदरा कीमतों में अंतर हो सकता है। इसलिए ग्राहकों को अपने शहर के अनुसार कीमतों में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
नायरा एनर्जी ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब वेस्ट एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। वैश्विक स्तर पर तेल सस्ता होने का लाभ कंपनी ने सीधे अपने ग्राहकों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
जहां नायरा एनर्जी ने कीमतों में कटौती की है, वहीं सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल अपने दामों में कोई बदलाव नहीं किया है।
ये तीनों कंपनियां मिलकर देश के 1 लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा नेटवर्क का संचालन करती हैं।
गौरतलब है कि 26 मार्च को नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी अपने ईंधन के दाम बढ़ाए थे। मई के दूसरे हफ्ते में कई चरणों में कीमतों में संशोधन किया गया, जिसके बाद पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच नायरा एनर्जी का यह फैसला वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है। यदि वैश्विक बाजार में तेल की कीमतें इसी तरह नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले दिनों में अन्य तेल कंपनियां भी ईंधन की कीमतों में कटौती पर विचार कर सकती हैं।