
Omar Abdullah Marriage: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोटो शेयर कर जानकारी दी है। दरअसल, इससे पहले इस खबर को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। हालांकि अब सीएम अब्दुल्ला ने खुद एक्स पर पोस्ट शेयर कर रिश्ते का ऐलान कर दिया है।
जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- कल एक नई यात्रा की शुरूआत हुई। इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया है। वहीं, निधि राजदान ने भी पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'It's done bro'। दोनों की पोस्ट में शादी की अंगूठी वाली इमोजी भी नजर आई, जिसके बाद उनकी शादी की खबर चर्चा में आ गई। बता दें कि इसी साल उमर अब्दुल्ला का पायल नाथ के साथ तलाक हुआ था।
जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला की शादी की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ महीने पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पहली शादी को आपसी सहमति से खत्म करने का आदेश दिया था। उमर अब्दुल्ला ने जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी तलाक याचिका खारिज कर दी थी।
उमर अब्दुल्ला और पायल की शादी सितंबर 1994 में हुई थी। दोनों लंबे समय से अलग रह रहे थे। अप्रैल 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को साथ बैठकर वैवाहिक विवाद सुलझाने का प्रयास करने का निर्देश दिया था। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को आपसी समझौते के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने दोनों का विवाह समाप्त कर दिया।
निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मामलों तक की रिपोर्टिंग की है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी अलग पहचान है।