राष्ट्रीय

15 साल तक छिपा रहा रिश्ता, कैसे शुरू हुई उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की लव स्टोरी

उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की लव स्टोरी करीब 15 साल पुरानी बताई जा रही है। जानिए दोनों की पहली मुलाकात कब हुई, रिश्ता कैसे शुरू हुआ और शादी तक कैसे पहुंचा।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 5:47 PM IST
Omar Abdullah
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान। (फोटो- X/@OmarAbdullah)

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान ने एक दूसरे से शादी रचा ली है। दोनों के रिश्ते को लेकर पिछले कई सालों से अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन 30 अक्टूबर 2026 को शादी किए जाने की खबरों ने दोनों के पहले से चल रहे रिश्तों पर आधिकारिक मुहर लगा दी।

निधि राजदान और उमर अब्दुल्ला के रिश्ते की चर्चा करीब 15 सालों से चल रही है। हालांकि, दोनों ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा। ऐसे में शादी की खबर सामने आने के बाद लोग जानना चाहते हैं कि आखिर दोनों की मुलाकात कब हुई और इस रिश्ते की शुरुआत कैसे हुई।

2011 से होने लगी थी दोनों के अफेयर की चर्चा

निधि राजदान और उमर अब्दुल्ला के रिश्ते को लेकर साल 2011 के आसपास खबरें सामने आने लगी थीं। उस समय उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री थे और निधि राजदान पत्रकारिता की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं।

दोनों को कई मौकों पर साथ देखे जाने के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हुईं। हालांकि, इन खबरों पर न तो निधि ने और न ही उमर ने कोई खुलकर बयान दिया। यही वजह रही कि इतने सालों तक दोनों के रिश्ते को लेकर अटकलें लगती रहीं।

पहले किससे हुई थी निधि राजदान की शादी?

उमर अब्दुल्ला से जुड़ने से पहले निधि राजदान की शादी फेमस पत्रकार और लेखक नीलेश मिश्रा से हुई थी। दोनों ने साल 2005 में शादी की थी। हालांकि, दो साल बाद ही वर्ष 2007 में दोनों का तलाक हो गया।

नीलेश मिश्रा पत्रकारिता के अलावा लेखन और कहानी सुनाने के लिए भी जाने जाते हैं। तलाक के बाद निधि ने अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक सार्वजनिक चर्चाओं से दूर रखा।

उमर अब्दुल्ला और निधि के रिश्ते को लेकर कैसे लगी भनक

उमर अब्दुल्ला ने साल 2020 में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिस पर निधि राजदान की टिप्पणी ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद, अक्टूबर 2024 में उमर अब्दुल्ला के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कार्यक्रम में निधि की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी।

इन घटनाओं के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, उस समय भी दोनों की ओर से रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।

कुछ ही महीने पहले उमर का हुआ था तलाक

उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल नाथ से साल 1994 में हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। हालांकि, लंबे समय से दोनों अलग रह रहे थे। आखिरकार 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उनके विवाह को आपसी सहमति से समाप्त कर दिया।

सोशल मीडिया पोस्ट से मिली शादी की खबर

30 अक्टूबर को शादी किए जाने की खबरों के बीच निधि राजदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उमर अब्दुल्ला को टैग करते हुए 'It's done bro' लिखा और अंगूठी का इमोजी भी साझा किया।

वहीं, उमर अब्दुल्ला ने दोनों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'A new journey began yesterday'। इन पोस्ट के बाद दोनों की शादी की खबरों को लेकर चर्चा और बढ़ गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली में 31 अक्टूबर को इससे जुड़ा समारोह भी आयोजित किया जाना है।

Updated on:
31 Oct 2026, 5:47 PM IST
Published on: