राष्ट्रीय

SCO Civilizational Dialogue: सिंधु जल पर धमकी देने वाले मुसादिक मलिक पहुंचे नई दिल्ली, SCO सभ्यतागत संवाद मंच में लेंगे हिस्सा

Musadik Malik Hand Cut Remark : कड़वे बयानों और तनावपूर्ण रिश्तों के बीच पाकिस्तान के एक मंत्री ने दिल्ली की जमीन पर कदम रखा है। यह दौरा सिर्फ एक बैठक तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा संकेत छिपा है? उनके स्वागत में कौन पहुंचा और तीन दिन दिल्ली में क्या-क्या होने वाला है?
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 9:47 AM IST
Musadik Malik
Musadik Malik : मई 2023 के बाद पहली बार भारत आया कोई पाकिस्तानी मंत्री, भारत के न्योते पर दिल्ली में (फोटो सोर्स:FB@DrMusadikMalik)

Musadik Malik India Visit: जिस मंत्री ने सिंधु जल पर भारत को हाथ काटने की धमकी दी थी, वही आज भारत की राजधानी में कदम रख चुका है। पाकिस्तान के जलवायु मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। खास बात यह है कि वे खुद नहीं आए, उन्हें भारत ने ही बुलाया है। मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है, इसीलिए इसे अहम कूटनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने उनकी अगवानी की। मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने आए हैं, जो 20 से 22 नवंबर तक चलेगा।

मुसादिक मलिक का बयान क्यों बना चर्चा

मलिक का नाम इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि सिंधु जल संधि पर वे भारत को खुलेआम चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जो हमारे पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जो कड़े फैसले लिए थे, उनमें इस संधि को स्थगित करना भी शामिल था। सितंबर में पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने भी कहा था कि संधि को एकतरफा तरीके से रद्द या स्थगित नहीं किया जा सकता और पानी को हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जा सकती।

तीन साल का इंतजार

इससे पहले 2023 में बिलावल भुट्टो विदेश मंत्री के तौर पर गोवा में SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में आए थे। उसके बाद कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत नहीं आया। फरवरी 2019 के पुलवामा और 2025 के पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के रिश्ते लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।

पुराना किला में सजेगी सभ्यताओं की महफिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पुराना किला में इस मंच का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे। उद्घाटन पर "सिविलाइजेशन्स इन कन्वर्सेशन" नाम का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें संगीत, नृत्य और कहानी कहने की कला का मेल दिखेगा। साथ ही "अस्तित्व- द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस" प्रदर्शनी लगेगी, जो 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक सबूतों के जरिए दिल्ली का इतिहास दिखाएगी। 21 और 22 नवंबर को चार सत्र होंगे, जिनमें विद्वान और विशेषज्ञ संगीत, वस्त्र परंपरा, खानपान और पारंपरिक खेलों पर चर्चा करेंगे।

भारत का न्योता, भारत का रुख

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल पहले ही बता चुके थे कि न्योता SCO के सभी सदस्य देशों को भेजा गया है। इनमें भारत, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं। पाकिस्तान ने कहा है कि वह आपसी सम्मान के साथ सभ्यताओं के संवाद के लिए प्रतिबद्ध है। उधर भारत का रुख साफ है कि आतंकवाद खत्म होने से पहले कोई समझौता नहीं होगा, जबकि पाकिस्तान कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहा है।

Updated on:
20 Nov 2026, 9:47 AM IST
Published on: