राष्ट्रीय

भारत ने इंसानियत के नाते पाकिस्तान के लिए खोला एयरस्पेस, श्रीलंका मदद ले जा रहे विमान को दी मंजूरी

चक्रवात प्रभावित श्रीलंका को मानवीय सहायता भेजने के लिए भारत ने केवल 4 घंटों में पाकिस्तान के विमानों के लिए अपना बंद पड़ा एयरस्पेस खोल दिया।
2 min read
Dec 02, 2025
Pakistan
पाकिस्तानी विमान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Cyclone Ditwa के चलते श्रीलंका में भारी तबाही मच गई है। दुनिया के बहुत सारे देश इस मुश्किल की घड़ी में श्रीलंका की तरफ मदद का हाथ बढ़ा रहे हैं। भारत ने भी श्रीलंका को मानवीय सहायता भेजी है। पाकिस्तान के विमान भी हाल ही मदद सामग्री लेकर श्रीलंका पहुंचे हैं। खास बात यह है कि श्रीलंका जाने के लिए पाकिस्तान के यह विमान भारतीय एयरस्पेस से गुजरकर गए हैं। ऐसा इसलिए हो पाया क्योंकि महीनों से पाकिस्तान के लिए बंद अपने एयरस्पेस को भारत ने श्रीलंका के लिए मानवीय मदद के नाते सोमवार को खोल दिया था।

सिर्फ 4 घंटों के अंदर ही दे दी मंजूरी

पाकिस्तान की ओवरफ्लाइट को भारतीय एयरस्पेस से गुजरने की यह मंजूरी सिर्फ 4 घंटों के अंदर ही दे दी गई थी। किसी विदेशी विमान के किसी देश में बिना लैंड किए उसकी सीमा के ऊपर से गुजरने को ओवरफ्लाइट कहते हैं। पाकिस्तान ने जब श्रीलंका की सहायता के लिए ओवरफ्लाइट की इजाजत मांगी तो भारत ने बिना समय गवाए उनके विमानों के लिए अपना एयरस्पेस खोल दिया।

भारतीय अधिकारियों ने जारी किया बयान

सरकार की तरफ से जारी बयान के अनुसार, पाकिस्तान ने सोमवार दोपहर 1 बजे भारतीय एयरस्पेस से गुजरने की इजाजत मांगी थी। जिसके बाद भारत ने कुछ ही घंटों में शाम 5:30 बजे आधिकारिक चैनलों के जरिए यह परमिशन दे दी थी। भारतीय अधिकारियों का इस मामले पर यह बयान उस समय सामने आया जब पाकिस्तानी मीडिया मंजूरी न देने के झूठे दावे करने लगा। उन्होंने कहा कि, नई दिल्ली ने श्रीलंका जाने वाले विमानों को एयरस्पेस का इस्तेमाल करने से मना कर दिया है। भारत ने इन आरोपों को झूठा बताते हुए यह साफ किया कि पाकिस्तान के रिक्वेस्ट करने के कुछ ही घंटों के अंदर यह मंजूरी दे दी गई थी।

अप्रैल के बाद से बंद है दोनों देशों के एयरस्पेस

भारत ने इसे श्रीलंका के प्रति एक मानवीय कदम बताया है। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद रखा है लेकिन इसके बावजूद यह मंजूरी दी गई। बता दें कि, 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों में तनाव बढ़ गया था। इसके बाद जब 24 अप्रैल को पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद किया तो इसकी जवाबी कार्रवाई में भारत ने भी 30 अप्रैल को पाकिस्तान के लिए अपना एयरस्पेस बंद करने के आदेश जारी कर दिए थे। लेकिन अब श्रीलंका में आई त्रासदी को देखते हुए भारत ने इंसानियत के नाते पाकिस्तान के लिए अपना एयरस्पेस खोल दिया है।

Updated on:
02 Dec 2025 12:42 pm
Published on:
02 Dec 2025 12:42 pm