राष्ट्रीय

Latur Blast: सामान उतारते समय अचानक फटा कूरियर पार्सल, धमाके से वाहन के शीशे टूटे, इलाके में मची अफरा-तफरी

Latur Courier Blast: महाराष्ट्र के लातूर में कूरियर सर्विस सेंटर पर सामान उतारते समय एक पार्सल में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कूरियर वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 2:37 PM IST
Latur Courier Blast
एआई तस्वीर

Maharashtra Blast: महाराष्ट्र के लातूर में कूरियर सर्विस सेंटर पर सामान उतारते समय एक पार्सल में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि कूरियर वाहन की छत और शीशे उखड़कर दूर जा गिरे। हादसे में पार्सल उतार रहा एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि पार्सल में क्या सामान था और उसमें विस्फोट किस वजह से हुआ।

पार्सल में अचानक विस्फोट हुआ

जानकारी के अनुसार, यह घटना लातूर शहर के उद्योग भवन इलाके में स्थित उमाटे कूरियर सर्विस सेंटर की है। यहां रोजाना की तरह कूरियर के सामान को वाहन से उतारने और चढ़ाने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक पार्सल में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ देर तक वहां मौजूद लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।

एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल

विस्फोट की चपेट में आने से सामान उतार रहा एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहीं धमाके से कूरियर वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा। वाहन की छत और खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए। घटना के बाद कूरियर सेंटर में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही लातूर पुलिस की टीम और श्वान दल मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंगेश चव्हाण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पार्सल और घटनास्थल से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

कहां से आया था पार्सल, जांच जारी

कूरियर सर्विस के संचालकों ने बताया कि उनके यहां आने वाले पार्सल में क्या सामान है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं होती। हालांकि सेंटर से बाहर भेजे जाने वाले पार्सल में रखे सामान की जानकारी उनके पास रहती है। उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह काम चल रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट वाला पार्सल किसने भेजा था, वह कहां से आया था और उसमें कौन सा सामान रखा था। पार्सल भेजने वाले की पहचान और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Updated on:
31 Oct 2026, 2:37 PM IST
Published on: