
पटना में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की है। दो नामी होटलों में छापेमारी के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में नकली पनीर मिले हैं। साथ ही शादियों के सीजन के बीच होटल के किचन में ऐसी गंदगी देखने को मिली, जिसे देखकर अधिकारी पूरी तरह से हैरान रह गए।
मसालों के डिब्बों में जंग लगा था, खाना बनाने में गंदे तेल का इस्तेमाल हो रहा था और शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य सामग्री को भी एक साथ रखा गया था। इसे देखने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया है।
यह मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ का बताया जा रहा है, जहां खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मगध होटल और एम्बेसडर होटल के किचन में औचक छापेमारी की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब दोनों होटलों के किचन में पहुंची तो वहां कई तरह की गड़बड़ियां सामने आईं। जांच के दौरान कथित नकली पनीर मिला। इसके अलावा खाना बनाने और खाद्य सामग्री रखने के तरीके में भी गंभीर लापरवाही पाई गई।
अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान पाया कि किचन में साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। यहां तक कि खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले तेल की हालत भी खराब थी। ऐसे माहौल में ग्राहकों के लिए खाना तैयार किया जा रहा था।
किचन की हालत देखकर अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को फटकार लगाई। विभाग ने दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया है। आगे की कार्रवाई जांच और खाद्य नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर हो सकती है।
बता दें कि पटना में मिलावटी पनीर का यह पहला मामला नहीं है। एक दिन पहले, 23 नवंबर को बख्तियारपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर बनाने वाली एक यूनिट पर छापेमारी की थी। यहां 130 लीटर फॉर्मेलिन मिला। इसके साथ ही 214 किलो घी भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान 635 किलो क्रीम, 360 किलो पनीर और 400 किलो दूध नष्ट कराया गया। इन खाद्य पदार्थों की कुल कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई गई है। जांच में यूनिट के पास वैध एफएसएसएआई लाइसेंस और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिला।
विभाग ने यूनिट को लाइसेंस मिलने तक उत्पादन और बिक्री बंद रखने का निर्देश दिया है। दूध, पनीर, क्रीम और घी के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि इन उत्पादों में फॉर्मेलिन की मिलावट हुई थी या नहीं।