
Pawan Singh Instagram Story: भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह (Bhojpuri singer) ने एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट से सबको चौंका दिया है। उन्होंने अपने पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया है। हालांकि अपनी मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए उन्होंने जान तक देने की बात कही है।
अभिनेता-गायक और भाजपा एमएलसी पवन सिंह ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि बर्दाश्त की हद पार होने के बाद वह बेहद दुखी होकर यह पोस्ट कर रहे हैं।
पवन सिंह ने भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। इसके बाद उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है।
पोस्ट की शुरुआती भोजपुरी पंक्तियों में उन्होंने यह भाव जताया कि घर के झमेले में फंसकर इंसान वेद-शास्त्र तक भूल जाता है।
अपने फैसले से पवन सिंह ने दो लोगों को अलग रखा है। उन्होंने लिखा कि जन्म देने वाली मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए, जब तक वह जिंदा हैं, उनकी जान हाजिर है।
संदेश के आखिर में पवन सिंह ने खुद को लोगों के परिवार का एक छोटा सा सदस्य बताया।
पवन सिंह ने पोस्ट में यह नहीं बताया कि आखिर किस बात ने उन्हें इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर किया। उन्होंने परिवार के किसी सदस्य पर नाम लेकर कोई आरोप भी नहीं लगाया है।
इसी महीने पवन सिंह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा के बेंती पहुंचे थे। वहां बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा चल रही थी। पवन सिंह ने मंच से भजन गाए थे और आयोजन में आने का श्रेय कुंडा विधायक राजा भैया के आशीर्वाद को दिया था।