29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / क्या विजय के लिए DMK से दूरी बनाकर पछता रही कांग्रेस? परिसीमन बिल पेश होने से पहले आ गया बड़ा बयान

क्या विजय के लिए DMK से दूरी बनाकर पछता रही कांग्रेस? परिसीमन बिल पेश होने से पहले आ गया बड़ा बयान

तमिलनाडु में परिसीमन बिल पर TVK और DMK के समर्थन के बाद कांग्रेस की नाराजगी की चर्चा तेज है। पी. चिदंबरम ने विजय सरकार को समर्थन देने के फैसले और DMK से बिगड़े रिश्तों पर क्या कहा?
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चेन्नई

•

image

Mukul Kumar

•

Updated: 29 Nov 2026, 2:57 PM IST

Congress Delimitation Bill

राहुल गांधी, सीएम विजय और पूर्व सीएम एमके स्टालिन। (फोटो- ANI)

तमिलनाडु में विपक्षी पार्टी डीएमके ने परिसीमन बिल का समर्थन किया है। माना जा रहा है कि डीएमके के फैसले से कांग्रेस में नाराजगी है। दरअसल, तमिलनाडु में कांग्रेस और टीवीके के गठबंधन से राज्य में सरकार बनी है।

जब इस बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद पी. चिदंबरम से पूछा गया कि क्या तमिलनाडु में सीएम विजय को समर्थन देकर पार्टी ने गलत कर दिया? क्या डीएमके से दूरी बनाना कांग्रेस की भूल तो नहीं थी? तो इस पर चिदंबरम ने बड़ा बयान दिया है।

चिदंबरम ने क्या दिया जवाब?

चिदंबरम ने कहा कि तमिलनाडु में टीवीके को समर्थन देने का कांग्रेस का फैसला बिल्कुल सही था। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि कुछ दूसरे घटनाक्रमों की वजह से कांग्रेस और डीएमके के रिश्ते खराब हुए हैं।

चिदंबरम ने इन सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस ने उस समय के राजनीतिक हालात को देखते हुए टीवीके को समर्थन दिया था। उनके मुताबिक, अगर कांग्रेस ऐसा नहीं करती तो राज्य में राष्ट्रपति शासन लग सकता था या विधानसभा भंग कर नए चुनाव कराने पड़ सकते थे।

राष्ट्रपति शासन का मतलब BJP का शासन होता- चिदंबरम

चिदंबरम ने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव कांग्रेस और डीएमके ने गठबंधन में मिलकर लड़ा था। लेकिन चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी। टीवीके को 108 सीटें मिली थीं और वह बहुमत के काफी करीब थी।

उन्होंने कहा कि विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा था। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें समर्थन देने का फैसला किया। चिदंबरम के मुताबिक, अगर कांग्रेस समर्थन नहीं देती तो विधानसभा भंग हो सकती थी और राज्य में नए चुनाव कराने पड़ते।

कई पार्टियों ने दिया विजय का साथ

चिदंबरम ने आगे कहा- दूसरा विकल्प राष्ट्रपति शासन का था। उन्होंने कहा- राष्ट्रपति शासन का मतलब लगभग भाजपा का शासन होता। इसलिए तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए हमने TVK को समर्थन दिया।

चिदंबरम ने यह भी बताया कि कांग्रेस अकेली पार्टी नहीं थी, जिसने TVK को समर्थन दिया। सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके और आईयूएमएल जैसी पार्टियों ने भी विजय की सरकार का साथ दिया था।

डीएमके भी सरकार बना सकती तो उसे समर्थन देते

कांग्रेस सांसद ने कहा कि टीवीके को समर्थन देने के फैसले के पीछे कोई राजनीतिक गलती या जल्दबाजी नहीं थी। उस समय जो पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में होती, कांग्रेस उसका साथ देती।

उन्होंने कहा कि अगर DMK सरकार बनाने में सक्षम होती तो कांग्रेस उसे समर्थन देती। इसी तरह अगर कोई दूसरी पार्टी बहुमत जुटाने की स्थिति में होती तो उसे भी समर्थन दिया जाता। लेकिन उस समय विजय की पार्टी ही सरकार बनाने की स्थिति में थी।

'कुछ ऐसी बातें हुईं, जिनसे DMK से रिश्ते बिगड़े'

हालांकि, चिदंबरम ने कांग्रेस और DMK के बीच आई दूरी को लेकर भी अहम बात कही। उन्होंने माना कि समर्थन देने के फैसले के अलावा कुछ और घटनाएं हुईं, जिनकी वजह से दोनों पार्टियों के रिश्तों पर असर पड़ा।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के बारे में वह सार्वजनिक रूप से बात नहीं कर सकते, क्योंकि इन पर पार्टी के अंदर चर्चा की जा सकती है। लेकिन इतना जरूर है कि इन घटनाओं ने DMK के साथ रिश्ते खराब किए हैं।

चिदंबरम ने यह भी बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह दी थी कि DMK को अपने साथ बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं और राज्यसभा में भी पार्टी की अच्छी संख्या है। ऐसे में राष्ट्रीय राजनीति में DMK का साथ कांग्रेस के लिए काफी अहम है।