राष्ट्रीय

अफगानिस्तान पर PM मोदी की बड़ी बैठक, काबुल से भारतीयों को सुरक्षित निकालने पर चर्चा जारी

अफगानिस्तान के ताजा हालातों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एक बड़ी बैठक जारी है। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी मौजूद हैं।
2 min read
• •
Updated: 17 Aug 2021, 9:09 PM IST
ccs_meeting.jpeg
PM Modi Chair CCS Meeting On Afghanistan Issue, He Constantly Touch With Officials Regarding Situation

नई दिल्ली। अफगानिस्तान (Afghanistan) में तालिबान के कब्जे के बाद से उपजे तनावपूर्ण हालात को देखते हुए दुनियाभर में चिंताएं बढ़ गई है। तमाम देश अपने-अपने नागरिकों को अफगानिस्तान से निकालने की कोशिश में जुटा है। भारत ने भी अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस बीच अफगानिस्तान के ताजा हालातों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अगुवाई में एक बड़ी बैठक पिछले एक घंटे से अधिक समय से जारी है। यह बैठक पीएम आवास पर 7 लोक कल्याण मार्ग (7 LKM) पर इस समय बड़ी बैठक हो रही है। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, बैठक में अफगानिस्तान के हालात पर और वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने को लेकर चर्चा हो रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अफगानिस्तान के हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब से नजर बनाए हुए हैं। वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। बीती रात को पीएम ने पूरी स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें अफगानिस्तान से वापस लाए जा रहे भारतीयों की स्थिति की भी जानकारी दी गई। पीएम ने अधिकारियों को निर्देस दिया कि जामनगर लौटने वाले सभी लोगों को भोजन उपलब्ध कराए जाने के साथ पर्याप्त व्यवस्था की जाए।

120 लोग पहुंचे स्वदेश

बता दें कि काबुल से भारतीयों को निकालने की प्रक्रिया में सी-17 ग्लोबमास्टर प्लेन 120 भारतीयों को लेकर आज (मंगलवार) को भारत आ गया। इससे पहेल सी-17 ग्लोबमास्टर प्लेन को गुजरात के जामनगर में रोका गया। इसके बाद इसे हिंडन एयरबेस लाया गया। भारत वापस आने वालों में दूतावास के कई कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और कुछ भारतीय पत्रकार शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, अभी भी काबुल बेस पर करीब 300 लोग फंसे हुए हैं।

भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार प्रतिबद्ध: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने कहा कि जहां तक अफगानी नागरिकों का संबंध है, हमारी वीजा सेवाएं ई-आपातकालीन वीजा सुविधा के जरिए जारी रहेंगी, जिसका विस्तार अफगान नागरिकों के लिए भी किया गया है। हमें पहले ही अफगान सिख और हिंदू समुदाय के नेताओं से अनुरोध प्राप्त हो चुके हैं और हम उनके संपर्क में हैं।

मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत सरकार सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रतिबद्ध है और काबुल हवाई अड्डे के वाणिज्यिक संचालन के लिए खुलने के बाद उड़ान व्यवस्था शुरू करेगी।

सरकार ने अफगानिस्तान के लिए जारी किए स्पेशल नंबर

बता दें कि भारत सरकार ने अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों के लिए स्पेशल नंबर जारी किए हैं, जिसपर संपर्क कर सहायता ले सकते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज (मंगलवार) विदेश मंत्रालय की ओर से 24 घंटे चलने वाले विशेष अफगानिस्तान सेल के नंबर भी जारी किए। स्पेशल सेल को अफगानिस्तान से प्रत्यावर्तन और अन्य अनुरोधों के समन्वय के लिए स्थापित किया गया है।

फोन नंबर :- +91-11-49016783, +91-11-49016784, +91-11-49016785
वॉट्सऐप नबंर (WhatsApp number) :- +91-8010611290
E-mail: SituationRoom@mea.gov.in

Updated on:
17 Aug 2021, 9:09 PM IST
Published on: