
FICCI Annual General Meeting 2026: देश की अर्थव्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उद्योग जगत के सामने बड़ा दावा किया। दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI के सालाना सम्मेलन में उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी रेटिंग एजेंसियां भारत की तरक्की की तारीफ कर रही हैं। मोदी ने लाइसेंस राज से 'फ्रैजाइल फाइव' तक का सफर याद दिलाया और गरीबी घटने के आंकड़े भी गिनाए।
प्रधानमंत्री ने सुबह करीब 11 बजे FICCI की सालाना आम सभा का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।
मोदी ने कहा कि पिछले सौ साल में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं। कभी लाइसेंस-कोटा राज रहा, कभी राष्ट्रीयकरण का प्रयोग हुआ, जो नाकाम साबित हुआ। 21वीं सदी में एक वक्त ऐसा भी आया, जब भारत को दुनिया की पांच नाज़ुक अर्थव्यवस्थाओं यानी 'फ्रैजाइल फाइव' में गिना जाता था।
उन्होंने 1970 के दशक का ज़िक्र करते हुए कहा कि तब 'गरीबी हटाओ' का नारा गूंज रहा था। प्रधानमंत्री के मुताबिक, गरीबी तभी मिट सकती थी, लेकिन नीतियां कमजोर थीं और बदलाव की इच्छाशक्ति नहीं थी। उन्होंने कहा कि FICCI भी इसका गवाह रहा है।
आज की तस्वीर पर मोदी ने दावा किया कि भारत सबसे तेज बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था है और आगे भी करीब 7 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ता रहेगा। उनके अनुसार देश ने 50 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात दर्ज किया है। उन्होंने विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 12-13 साल में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं।
विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट बताती है कि 2011 से 2023 के बीच भारत की गरीबी दर 57.7% से घटकर 16.1% पर आ गई। मतलब, करीब 49.6 करोड़ लोग अब निम्न-मध्यम आय वाली गरीबी रेखा से ऊपर हैं। ये आंकड़े 4.20 डॉलर प्रतिदिन की अंतरराष्ट्रीय गरीबी रेखा के हिसाब से हैं, भारत की अपनी गरीबी रेखा से नहीं। बैंक ने इसका बड़ा कारण बताया लोगों की खपत बढ़ना, ज्यादा लोगों का रोजगार में आना, खासकर महिलाओं का, और सरकारी योजनाओं में मिलने वाली खाद्य सब्सिडी जैसी चीजें। लेकिन रिपोर्ट यह भी साफ करती है कि ये आंकड़े माइक्रोसिमुलेशन पर आधारित हैं, इसलिए जब नया रोजगार या आर्थिक डेटा आएगा, नतीजे बदल सकते हैं। रिपोर्ट यह भी मानती है कि अभी भी नौकरियों और अलग-अलग इलाकों के बीच असमानता बाकी है।
रेटिंग एजेंसियों का रुख भी सकारात्मक है। मूडीज ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की ग्रोथ का अनुमान 7 प्रतिशत किया और कहा कि भारत सभी G20 देशों से तेज बढ़ता रहेगा। S&P ने अनुमान 7 प्रतिशत और फिच ने 6.9 प्रतिशत कर दिया है। हालांकि फिच ने चेताया है कि दिसंबर 2026 तक महंगाई 5.5 प्रतिशत तक जा सकती है, जो चिंता की बात है।
आपको बता दें कि FICCI इसी साल अपनी सौवीं सालगिरह की तरफ बढ़ रहा है। संगठन 7 अप्रैल 2027 को स्थापना के 100 साल पूरे करेगा। वित्त वर्ष 2026-27 को उसका शताब्दी वर्ष माना जा रहा है।